रिकॉर्डतोड़ 6.12 लाख श्रद्धालु साल के पहले दिन पहुंचे महाकाल

पिछले सालों में सर्वाधिक, दूसरे दिन भी भीड़ बरकरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नए साल 2026 का आगाज धर्मनगरी उज्जैन में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ और भक्ति के जयकारों के साथ हुआ। गुरुवार को साल के पहले दिन भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। इतिहास में पहली बार 1 जनवरी को दर्शन करने वाले भक्तों का आंकड़ा 6.12 लाख के पार पहुंच गया। नववर्ष के स्वागत में बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती सुबह 4 बजे आयोजित की गई।
तड़के हुई इस आरती में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद दिनभर जय श्री महाकाल के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। भारी भीड़ के प्रबंधन के लिए उज्जैन कलेक्टर रौशन सिंह और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक सहित पूरी टीम रात 2 बजे से ही मोर्चा संभाले हुए थी। सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिय़ा ने बताया कि शयन आरती तक दर्शनार्थियों का आंकड़ा 6.12 लाख तक पहुंच गया था। प्रशासन की सटीक मॉनिटरिंग के चलते इतनी बड़ी संख्या के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही।
8 दिनों में 19.55 लाख पहुंचे उज्जैन
क्रिसमस की छुट्टियों और साल के आखिरी वीकेंड के चलते उज्जैन में पिछले आठ दिनों से लगातार भक्तों का तांता लगा हुआ है।
कब कितने श्रद्धालु पहुंचे मंदिर
26 दिसंबर-1 लाख 98 हजार 52
27 दिसंबर-1 लाख 96 हजार 322
28 दिसंबर-1 लाख 95 हजार 688
29 दिसंबर-1 लाख 75 हजार 473
30 दिसंबर-1 लाख 66 हजार 303
31 दिसंबर-1 लाख 53 हजार 742
1 जनवरी- 6 लाख 12 हजार
कुल 19.55 लाख
इतिहास में दर्ज हुआ 2026
पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों की तुलना करें तो 2026 ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
- 2024 (1 जनवरी)- 4.5 लाख श्रद्धालु
- 2025 (1 जनवरी)- 5.0 लाख श्रद्धालु
- 2026 (1 जनवरी)- 6.12 लाख (सर्वाधिक)









