दो बजे से ब्लाक हो जाएगा फ्रीगंज ब्रिज

पुराने फुट ओवरब्रिज को हटाने की तैयारी में सुबह से जुटी रेलवे की टीम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। फ्रीगंज ओवरब्रिज के समानांतर बने रेलवे के फुटओवर ब्रिज को हटाने का काम सोमवार को सुबह से प्रारंभ हो गया। इस काम के लिए रेलवे ने सुबह 7 से शाम 5 बजे तक का ब्लाक फ्रीगंज ओवरब्रिज पर मांगा था। लेकिन बाद में इसे स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कम कर 2 घंटे का कर दिया। अब दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक फ्रीगंज ओवहरब्रिज पर आवागमन बंद रहेगा।
फ्रीगंज रेलवे ओवर ब्रिज के समानांतर बन रहे नए ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य ने अब गति पकड़ ली है। इसी कड़ी में आज सोमवार को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक सुरक्षा कारणों से ब्रिज के ऊपर और नीचे का आवागमन पूरी तरह बंद रखा जाएगा। यह निर्णय रेलवे के वर्षों पुराने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) को हटाने के लिए लिया गया है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, 91.27 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे नए समानांतर ब्रिज के निर्माण में पुराना फुट ओवर ब्रिज बाधा बन रहा था। इस कारण सोमवार सुबह से इसे हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई। इसकी शिफ्टिंग के दौरान भारी क्रेन और मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। सुबह ७ बजे से ही रेलवे ने एफओबी को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। जिसे देखने के लिए यहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
दो घंटे जाम के दौरान वैकल्पिक मार्ग उपयोग करें: जिला प्रशासन ने सुझाव दिया है कि फ्रीगंज ओवरब्रिज पर ब्लाक की अवधि दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक नागरिक जीरो पॉइंट, मक्सी रोड ब्रिज, सिंधी कॉलोनी मार्ग और नीलगंगा मार्ग का उपयोग करें। दो घंटे के इस ब्लॉक के दौरान मक्सी रोड और सिंधी कॉलोनी मार्ग पर यातायात का भारी दबाव बढऩे की संभावना है। इस शिफ्टिंग के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हो सकता है।
फ्रीगंज नए ब्रिज की खासियतें
लागत- 91 करोड़ 27 लाख।
लंबाई व चौड़ाई- 633 मीटर लंबा और 21.40 मीटर चौड़ा।
संरचना- दोनों ओर 9-9 मीटर के कैरिजवे, डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़े फुटपाथ और डिवाइडर।
लक्ष्य- जून 2027 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 11प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।









