ब्रिज निर्माण के दौरान मजदूर की मौत, सरिए काटकर बाहर निकाला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शांति पैलेस चौराहे पर पुल निर्माण के दौरान सरियों के नीचे दबने से शनिवार दोपहर एक मजदूर की मौत हो गई। इंदौर-उज्जैन फोरलेन को सिक्सलेन में बदलने का काम चल रहा है। यहां रवि इंफ्राबिल्ड प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। काम के दौरान झारखंड निवासी मजदूर अशोक पिलर पर लोहे का जाल बिछा रहा था तभी वह सरियों के बीच दब गया। उस वक्त पिलर पर चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। अशोक के फंसते ही अफरा-तफरी मच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सूचना मिलने पर नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गैस कटर की मदद से सरियों को काटकर अशोक को बाहर निकाला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दरअसल, यहां बाहर से भी मजदूर काम कर रहे हैं। इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन हाईवे परियोजना सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत विकसित की जा रही है। 1619 करोड़ रुपए से अधिक की अनुमानित लागत वाली यह सड़क इंदौर के अरबिंदो अस्पताल से हरिफाटक ब्रिज तक बनाई जा रही है।









