वल्लभनगर के खाली प्लॉट के पेड़ पर लाश लटकती देख सहमे लोग, हत्या की आशंका

रेलवे की चादर से बने फंदे पर लटकी मिली युवक की लाश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। घासमंडी-उद्यन मार्ग के वल्लभनगर के एक खाली प्लॉट पर रविवार सुबह पेड़ पर युवक की लाश लटकती देखकर लोग सहम गए। शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था। माधवनगर पुलिस के मुताबिक पहली नजर में घटना आत्महत्या जैसी प्रतीत हो रही है, जबकि हालात हत्या की आशंका की संभावना जता रहे हैं। सुबह करीब 8 बजे जब लोग सैर के लिए निकले तो वल्लभनगर के खाली प्लॉट पर बबूल के पेड़ पर युवक की लटकती लाश दिखाई दी। ऐसे में लोगों ने तत्काल माधवनगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर टीआई राकेश भारती खुद पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।
लाश करीब 25साल के युवक की थी। उसके शरीर पर फटी अंडरवियर थी। जिस फंदे पर वह लटका मिला, वह रेलवे की बेडरोल की चादर से बना था। जमीन से करीब 10 फीट की ऊंचाई पर फंदा था। ऐसे में मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ था। मौके पर एफएसएल अधिकारी शकुंतला गवली भी पहुंचीं और टीम के साथ मुआयना किया। माधवनगर टीआई राकेश भारती ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। ज्यादा जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिल सकती है।
क्षेत्र का रहवासी नहीं है
वल्लभनगर के जिस इलाके में लाश मिली है, वह सूनसान है। हालांकि, इससे थोड़ी ही दूर पर घनी बस्ती है और लक्ष्मीनगर, देसाईनगर, सेठीनगर, मंगल कॉलोनी जैसे इलाके लगे हुए हैं। घटना के वक्त मौजूद कई लोगों ने लाश को देखकर पहचानने से इंकार कर दिया। लोगों ने पुलिस को बताया कि युवक क्षेत्र का रहवासी नहीं है।
उम्र करीब 25 साल, निर्धन परिवार से होने की संभावना
मृतक युवक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास है। लाश पर मिला एकमात्र वस्त्र अंडरवियर की हालत देखकर लगता है कि युवक काफी निर्धन परिवार से है और संभवत: मजदूर होगा। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया है। पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
हत्या की शंका इसलिए…
लाश अर्धनग्न मिली है। सर्दी के इस मौसम में रात के समय में खुले में कपड़े उतारकर पेड़ पर चढऩा किसी के गले नहीं उतर रहा है। ऐसे में यह आशंका भी लग रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े उताकर युवक को लटका दिया गया हो।
फंदा रेलवे की चादर से बना है। फंदा पेड़ की मजबूत टहनी पर बंधा है। ऐसे में जान देने वाला चाहता तो टहनी पर लटककर खुद को बचा सकता था। ऐसे में मारकर लटकाने की भी आशंका बन रही है।
फांसी लगाने की स्थिति में मरने वाले की जीभ बाहर निकल आती है। युवक की जीभ पूरी तरह बाहर नहीं है।
तीर्थयात्री बसों के स्टॉफ का सदस्य तो नहीं..?
घटनास्थल के खाली मैदान में बाहर से आने वाली तीर्थयात्रियों की बसें खड़ी रहती हंै। तीर्थ यात्री सामने ही स्थित मैरिज गार्डन में ठहरते हैं। ऐसे में आशंका है कि युवक तीर्थ यात्रा स्टॉफ से जुड़ा हो और विवाद में आपसी मारपीट में मौत हो गई हो और युवक को पेड़ से लटका दिया गया हो। बस स्टॉफ कर्मचारियों के पास ही रेलवे की चादर मिलने की संभावना भी बनती है।









