रिमांड पूरा, आरोपियों को जेल भेजा

मामला चकरावदा टोल के आगे चाकू दिखाकर लूट और बैग झपटने का
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चकरावदा टोल के आगे बाइक को लात मारकर गिराने और उसके बाद चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद एक अन्य शख्स का बैग झपटने वाले चार शातिर आरोपियों को भैरवगढ़ पुलिस ने तीन दिन की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
दरअसल, 28 जनवरी को फरियादी रामेश्वर पिता भेरूलाल राठौर (22) निवासी ग्राम तेलीखेड़ा ने भैरवगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह चंदूखेड़ी स्थित आरजे रेस्टोरेंट में काम करता है। 27 जनवरी को रात करीब 9 बजे रेस्टोरेंट से बाइक से घर जा रहा था। रात करीब 10 बजे चकरावदा टोल टैक्स से आगे ब्रिज के पास दो बाइक पर आए चार अज्ञात युवकों ने उसे रोककर जान से मारने की धमकी दी।
एक बाइक का नंबर एमपी 13 डीएन 9866 थी तथा दूसरी पर नंबर नहीं था। आरोपियों ने बाइक को टक्कर मारकर फरियादी रामेश्वर को गिरा दिया और चाकू दिखाकर उससे मोबाइल और 16,800 रुपए लूट लिए थे। इसके बाद आरोपी उज्जैन की ओर भागे और रास्ते में एक अन्य व्यक्ति अजय पिता शंकरलाल प्रजापत निवासी ग्राम झिरनिया से बैग झपट लिया जिसमें 50 हजार कैश, मोबाइल और अन्य कागजात थे। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया।
मोहनपुरा ब्रिज के पास से पकड़ाए थे
बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीआई रघुनाथ सिंह शक्तावत ने विशेष टीम बनाई जिसने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 29 जनवरी को मुखबिर ने सूचना दी कि लूट में शामिल चारों आरोपी मोहनपुरा ब्रिज पास देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आकाश पिता शंकर परमार (21) निवासी चारधाम रोड, जयसिंहपुरा, प्रवीण उर्फ चीनू पिता हुकुम माली (19) निवासी ग्राम भंडारिया खाल, योगराज उर्फ युवराज पिता विक्रम जाटवा (19) निवासी गौंसा और मजहर उर्फ गोलू पिता अनीश अंसारी निवासी मदीना कॉलोनी, जूना सोमवारिया को पकड़ा। कड़ी पूछताछ करने पर चारों ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से दो बाइक, खटकेदार चाकू, दो एंड्रॉयड मोबाइल और बैंक पासबुक जब्त की गई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया था। टीआई आरएस शक्तावत ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।









