ट्राइसिकल से जा रही जैन साध्वी को टक्कर मारी

कार में बैठे दो युवक गिरफ्तार, तीन हुए फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एंबुलेंस से साध्वी को उज्जैन लाया गया
घटना में ट्राइसिकल हुई चकनाचूर
साध्वी का भक्तों ने इलाज कराया
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन में रहने वाली जैन समाज की ८० वर्षीय साध्वी चारुहित दर्शनाश्रीजी ट्राइसिकल से बदनावर की ओर विहार कर रही थीं। रास्ते में तेज गति से आ रहे कार चालक ने उन्हें बुरी तरह टक्कर मार दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही बदनावर के जैन समाज में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कार में बैठे युवकों का घेराव किया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। तीन फरार बताए जा रहे हैं। टक्कर मारने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के युवा बताए गए हैं। घायल साध्वी जी और उनकी सहयोगी साध्वी जी को एम्बुलेंस से बड़ा उपाश्रय खाराकुंआ लाया गया है। खबर मिलने पर जैन समाज के कई वरिष्ठ समाजसेवी साध्वी जी से मिलने बड़ा उपाश्रय पहुंचे।
राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कोठारी ने अक्षर विश्व को बताया कि साध्वी चारुहित दर्शना श्रीजी रतलाम में थीं। उन्हें बदनावर में आयोजित तपस्या कार्यक्रम में जाना था। ट्राइसिकल पर वे साध्वी चारुदत्ता श्रीजी के साथ रवाना हुईं। रतलाम के सातरुंडा में वह जल ग्रहण करने के लिए रुकी हुई थीं। इसी बीच तेज गति से आई कार ने उनकी ट्राइसिकल को खतरनाक टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साध्वी जी दूर जाकर गिरीं। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
बदनावर में किया घेराव
साध्वी को टक्कर मारने की घटना की जानकारी रतलाम और बदनावर के जैन समाज के लोगों तक पहुंच गई। देवेंद्र ने बताया कि कार में बैठे युवकों का ग्रामीणों ने पीछा किया। पीछा करते हुए वे बदनावर पहुंचे। उधर बदनावर में भी जैन समाज के लोग एकत्रित हो गए। इधर सातरुंडा पुलिस भी बदनावर पहुंच गई। देवेंद्र ने बताया कि आक्रोशित भीड़ ने दो युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया जबकि तीन युवक भागने में सफल हो गए। पुलिस दोनों युवकों लेकर रतलाम रवाना हो गई।
हमने किसी का क्या बिगाड़ा है: चारुदत्ता श्रीजी
चारुहित दर्शना श्रीजी मसा के साथ चारुदत्ता साध्वी ट्राइसिकल चलाती हुई आगे बढ़ रही थीं। अक्षर विश्व से चर्चा करते हुए साध्वी ने कहा कि हमने किसी का क्या बिगाड़ा है। पिछले दिनों जैन संतों पर हमला हुआ। इस बार हम निशाने पर कार चलाने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के थे। हम सडक़ के किनारे चल रहे थे। हमें बदनावर जाना था। कल शाम सवा छह बजे की बात है। पीछे से कार आई और साध्वी जी की ट्राइसिकल को टक्कर मार दी। वह दूर जाकर गिर गईं। ट्राइसिकल टूट गई। जिस तरीके से टक्कर मारी गई उससे लगता है कि वह हमें मारना चाहते थे। घटना को देख रहे ग्रामीण मौके पर आए और घायल साध्वी को संभाला हमने ग्रामीणों के सहयोग से जैन समाज के लोगों को सूचना दी। साध्वी ने कहा कि प्रशासन हमारी सुरक्षा करे। हम पैदल विहार करते हैं। यदि साध्वी बुजुर्ग हैं तो उन्हें ट्राइसिकल से विहार कराया जाता है। इस प्रकार यदि रास्तें घटना घटेगी तो हमारा क्या होगा? पुलिस प्रशासन के अधिकारी इस मामले की जांच करें। जो तीन युवक फरार हो गए हैं उन्हें भी गिरफ्तार करे।
उज्जैन में किया इलाज बीपी बढ़ा…
जैन समाज के लोग साध्वी को एम्बुलेंस से उज्जैन लेकर आए यहां जैन समाज के अस्पताल में उनका इलाज किया गया और एक्सरे लिए गए। साध्वी का बीपी बढ़ा हुआ है। डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख में लगी हुई है। उन्हें देखने और कुशल क्षेम पूछने के लिए जैन समाज के कई वरिष्ठजन बड़ा उपाश्रय पहुंच गए हैं। उधर सातरुंडा थाना प्रभारी अय्युब खान से अक्षर विश्व ने पूरे घटनाक्रम एवं आरोपियों के नामों की जानकारी लेने के लिए फोन लगाया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जैन समाज के लोगों ने भी थाना प्रभारी से बात करने की कोशिश की लेकिन फोन बंद बतााया गया।