काथड़ी में युवक की चाकू मारकर हत्या ससुराल आया, हत्या कर के भाग गया

माकड़ौन में पुलिस ने चारों तरफ जाल बिछाया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शंका थी कि वह पत्नी को बुरी नजर से देखता है
नाभि के नीचे सिर्फ एक चाकू मारा, नस कटी
उज्जैन लाते समय रास्ते में ही दम तोड़ा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उसे आशंका थी कि पत्नी को वह बुरी नजर से देखता है। इसी में घुल रहा था सबक सिखाने के लिए एक दिन पहले ससुराल आया और अगले दिन उसने अपने अघोषित दुश्मन के पेट में चाकू उतार दिया। घाव इतना गहरा था कि उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए पूरे माकड़ौन में जाल बिछा दिया है।
माकड़ौन थाना क्षेत्र के ग्राम काथड़ी में शनिवार दोपहर हत्या की वारदात हुई। ग्राम काथड़ी निवासी 19 वर्षीय रोहित मोगिया पर पास के ही गांव में रहने वाले लखन मोगिया ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू से गहरे वार लगने और अधिक खून बह जाने के कारण रोहित की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी लखन फरार हो गया।
उसे शंका थी कि वह पत्नी को देखता है
इस हत्याकांड की जांच थाना प्रभारी प्रदीप सिंह राजपूत ने अपने हाथ में ली है। उन्होंने बताया कि हत्या करने वाले लखन मोगिया का ससुराल काथड़ी में है। रोहित भी इसी गांव में रहता है। अब तक की गई जांच में पता चला है कि लखन को यह सूचना मिल रही है कि रोहित उसकी पत्नी को बुरी नजर से देखता है। उसने इस बात की गांठ अपने मन में बांध ली और हत्या को अंजाम दे दिया।
मौका देख रहा था हमला करने का
थाना प्रभारी ने बताया कि लखन एक दिन पहले ही अपने ससुराल आ गया था। आने की कोई विशेष वजह नहीं थी। ससुराल के लोग भी उसके आने का कारण समझ नहीं पाए। काथड़ी में आकर वह रोहित पर नजरें जमाए हुए था। शाम चार बजे करीब वह मकान के सामने दिख गया। उसके नजदीक गया और नाभी के नीचे चाकू मार दिया। हमला करने के बाद वह भाग गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया। पास में ही थाना है। पुलिस भी तत्काल पहुंच गई थी। नस कट जाने से खून बंद नहीं हो रहा था। उसे उज्जैन रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े………
पहले प्राणघातक हमले की धारा थी, अब बदली हत्या में
पहले पति ने दूसरे पर किया था हमला, अब दम तोड़ा
उज्जैन। विगत सोमवार को एक तलाकशुदा महिला से निकाह करने वाले युवक पर उस महिला के पहले पति और उसके भाई ने मिल कर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया था। चाकू लगने से उसे गंभीर हालत में चरक अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान गत रात उसकी मौत हो गई। पुलिस पहले प्राणघातक हमले का यह प्रकरण दर्ज किया था जो अब हत्या में तब्दील हो गया है।
महाकाल थाना पुलिस क्षेत्र में तोपखाना निवासी रईस पिता अजीज खान सोमवार को तोपखाना की मस्जिद से नमाज पढ़ कर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान बेगमबाग निवासी अमजद अली पिता कादर अली और उसके भाई रियाज ने रईस पर चाकू से प्राणघातक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। रईस ने 3 अप्रैल को खुर्शीद जहां से निकाह किया था। खुर्शीद का अमजद से तलाक हो चुका है। दूसरा निकाह करने पर अमजद ने हमला किया था। खुर्शीद के भाई इमरान ने बताया जीजा रईस चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दो दिन से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था। शनिवार सुबह रईस की मौत हो गई। रईस की मौत के बाद इमरान सहित अन्य परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंच कर शनिवार दोपहर पुलिस अधिकारियों से इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी अमजद अली को गिरफ्तार कर चुकी है।