कट..कॉपी..पेस्ट पर चल रहा प्रशासन

स्नान पर्व नहीं, फिर भी त्रिवेणी पर स्नान के लिए लगाई अधिकारियों की ड्यूटी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में प्रशासन किस तरह काम कर रहा है, अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय की किस हद तक कमी है, इसकी एक ताजा बानगी देखने को मिली है। यह घटनाक्रम साफ बताता है कि जिले में बाबूओं की टेबल पर कट-कॉपी- पेस्ट से व्यवस्था संचालित हो रही है और फील्ड के स्तर पर हकीकत क्या है कोई जानना ही नहीं चाहता। मामला त्रिवेणी घाट पर स्नान व अन्य व्यवस्थाएं जुटाने की तैयारी से जुड़ा है। शनिवार 20 दिसंबर को शनिश्चरी अम्मावस्या का स्नान पर्व माना ही नहीं गया है इसके बाद भी अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई, साथ ही उन्हें हिदायत भी दी गई कि सारी व्यवस्था चाक-चौबंद हो जाना चाहिए।

नगर निगम अपर आयुक्त की ओर से गुरुवार को एक दर्जन से ज्यादा अधिकारियों की त्रिवेणी शनि मंदिर व घाट पर ड्यूटी लगाए जाने संबंधी आदेश जारी किया गया है। किसी को घाट पर फव्वारों की व्यवस्था करने को कहा गया, किसी को शौचालय, पेयजल की, किसी को वाहनों की पार्किंग की तो किसी को फायर ब्रिगेड की तैनाती की जिम्मेदारी सौंपी गई। अपर आयुक्त संदीप शिवा को तमाम व्यवस्था का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। नगर निगम की ओर से इतनी तैयारी तब है जब 20 दिसंबर शनिवार को अमावस्या पर्व या स्नान पर्व माना ही नहीं गया है।
क्यों बनी गफलत की स्थिति
तिथि व पर्व स्नान के लिए मंदिर प्रशासक मंदिर के पुजारियों के निरंतर संपर्क में रहते है। एक माह पहले प्रशासक सतीश मोथलिया को पुजारी ने जानकारी दी थी कि 20 दिसंबर को आंशिक अम्मावस और शनिवार साथ रहेगा। यहां आंशिक शब्द गौर करने वाला है। मंदिर प्रशासक ने इसकी लिखित जानकारी मंदिर समिति पदेन अध्यक्ष एसडीएम कोठी महल को भेज दी, उन्होंने प्रशासक के लेटर के साथ अपना एक लेटर टाईप करवाया और तमाम व्यवस्थाओं के लिए एसपी, नगर निगम आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जल संसाधन कार्यपालन यंत्री और नानाखेडा टीआई को भिजवा दिया।
एसडीएम का पत्र आया लिहाजा सभी विभागों ने अपने-अपने विभाग से जारी हुए ड्यूटी चार्ट के पुराने आदेश निकलवाए, इनमें अधिकारियों के नाम बदले और नए ड्यूटी आदेश जारी कर दिए। किसी ने भी आंशिक अम्मावस शब्द पर गौर ही नहीं किया ना ही यह जानने की कोशिश करी कि वास्तव में त्रिवेणी घाट पर शनिश्चरी अम्मावस का स्नान होगा भी नहीं।
विभाग का दायित्व अपर आयुक्त पवन सिंह के पास है, वे टीएल मीटिंग में थे तो उनके स्थान पर प्रभारी होने के नाते मेंने ड्यूटी आदेश पर हस्ताक्षर किए। वास्तविकता की जानकारी आपको पवन सिंह ही दे पाएंगे।
-पुनीत शुक्ला, अपर आयुक्त, नगर निगम
हमने अपने भेजे पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया था शनिवार को आंशिक अमावस्या रहेगी। मंदिर में पडऩे वाले किसी भी व्रत, त्योहार की संपूर्ण जानकारी पदेन अध्यक्ष को देनी होती है, हमने वहीं किया।
– सतीश मोथलिया, प्रबंधक त्रिवेणी नवगृह मंदिर
पुजारियों से बातचीत में यह बात सामने आई थी कि शनिवार को अमावस्या रहेगी, लिहाजा सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं के लिए सूचित किया था। इसमें बातचीत के स्तर पर कुछ कंफ्यूजन जरूर हुआ है। हम इसे ठीक करवा रहे है।
– पवन बारिया, एसडीएम, कोठी महल








