एडवेंचर्स लवर्स ने 10 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर लिया उडऩे का रोमांच

दताना एयर स्ट्रिप पर स्काय डाइविंग फेस्टिवल की शुरुआत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दताना हवाई पट्टी पर बनाया लैंडिंग झोन, इसमें ग्राउंड सपोर्ट स्टॉफ और इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं शामिल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आसमान में उडऩे का ख्वाब देखने वाले एडवेंचर्स लवर्स ने शुक्रवार को 10 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग रोमांचक और थ्रिलिंग अनुभव का एहसास किया। आसमान से उन्हें श्री महाकालेश्वर मंदिर और शिप्रा नदी के हवाई दृश्य दिखाई दिए। नीचे आने पर उन्होंने अपना अद्भुत अनुभव भी साझा किया।
दरअसल, शुक्रवार से दताना एयर स्ट्रिप पर एडवेंचर लवर्स के लिए स्काय डाइविंग फेस्टिवल की शुरुआत हुई। मप्र पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित और १५ फरवरी तक चलने वाले इस फेस्टिवल में पहले दिन उज्जैन और अन्य शहरों के करीब 100 एडवेंचर लवर्स ने रजिस्टे्रशन करवाया। प्रतिभागियों के लिए उनकी डाइविंग से पहले सेफ्टी ब्रीफिंग और ट्रेनिंग सेशन भी हुए। प्रत्येक प्रतिभागी को अत्याधुनिक सुरक्षा गियर से लैस किया गया जिसमें स्वचलित तैनाती प्रणाली और बैकअप पैराशूट शामिल रहे। स्काय डाइविंग फेस्टिवल के चार संस्करणों की सफलता और एडवेंचर गतिविधि के प्रति पर्यटकों के उत्साह को देखते हुए पांचवें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है।
एडवेंचरस टूरिज्म को बढ़ावा
मप्र टूरिज्म बोर्ड लगातार पांचवीं बार स्काय डाइविंग फेस्ट को होस्ट कर रहा है। इस फेस्ट का उद्देश्य एडवेंचरस टूरिज्म को बढ़ावा देना और पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना है। स्काय डाइविंग फेस्टिवल के चार सफल संस्करणों और एडवेंचर गतिविधियों के प्रति पर्यटकों के उत्साह को देखते हुए पांचवें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। विगत चार संस्करण में 700 से अधिक पर्यटकों ने इस रोमांचक गतिविधि का आनंद लिया है।
इतना खर्च होगा
स्काय डाइविंग का शुल्क 30 हजार रुपए प्लस जीएसटी है। हर रोज सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक समय है। प्रतिभागी बुकिंग www.skyhighindia.com पर कर सकते हैं। पहले दिन करीब 100 एडवेंचर लवर्स ने बुकिंग करवाई है।
आधुनिक और बेहद सुरक्षित राइड
स्काय डाइविंग का संचालन डीजीसीए एवं यूएसपीए द्वारा प्रमाणित संस्था स्काय हाई इंडिया कर रही है। स्काय डाइविंग में उपयोग किए जाने वाले एयरक्राफ्ट नागरिक विमानन निदेशालय से पंजीकृत है। संस्था द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मानकों के साथ प्रशिक्षित स्काय डाइवर के सहयोग से स्काय डाइविंग करवाई जा रही है जिससे प्रतिभागियों को सुरक्षित और यादगार अनुभव मिल सके।










