आपके नाम से रजिस्टर्ड सभी फोन नंबर ब्लॉक हो जाएंगे

सायबर ठग बोले…दूरसंचार मंत्रालय से बोल रहे हैं
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:सायबर ठगों द्वारा आये दिन लोगों से ऑनलाइन ठगी के लिये नये नये हथकंडे अपनाये जा रहे हैं। आमजन द्वारा छोटी से छोटी चूक भी लाखों रुपये की ठगी का कारण बन सकती है। खास बात यह कि ठग गिरोह अब रिकार्डिंग और सामान्य से दिखने वाले नंबरों का उपयोग भी लोगों को ठगने के लिये कर रहे हैं।
एक व्यक्ति के पास सामान्य से दिखने वाले नंबरों से कॉल आया। उक्त व्यक्ति द्वारा कॉल रिसीव किया गया तो उस पर रिकार्डिंग सुनाई दी जिसमें सामने वाला व्यक्ति कह रहा था हम दूरसंचार मंत्रालय से बोल रहे हैं। आपके द्वारा उपयोग किये जाने वाले सभी फोन नंबरों को तत्काल प्रभाव से ब्लॉक किया जा रहा है।
अधिक जानकारी के लिये 9 नंबर डॉयल करें। हालांकि जिस व्यक्ति के पास उक्त कॉल आया उन्होंने आगे की प्रक्रिया न करते हुए तत्काल फोन कट कर दिया। इसी प्रकार एक मामला बिजली बिल के भुगतान से संबंधित भी सामने आया है जिसमें मिलते जुलते नंबरों से कॉल करने वाले व्यक्ति द्वारा विद्युत बिल बकाया होने की जानकारी देकर आगे प्रोसेस करने को कहा जा रहा है।
खास बात यह कि जिन नंबरों से मोबाइल पर कॉल आया उसी नंबर पर पुन: डायल करने पर वह नंबर स्वीच ऑफ आ रहा था। इससे स्पष्ट हुआ कि फोन कर रिकार्डिंग के माध्यम से लोगों को ठगने का बदमाशों द्वारा नया तरीका
चुना गया है।
इनका कहना
रिकार्डिंग से संबंधित शिकायतें पूर्व में नहीं मिली हैं। इस प्रकार की शिकायतें पहली बार जानकारी में आई हैं। आमजन को सायबर ठगी के ऐसे मामलों में सतर्क किया जायेगा।-फाल्गुनी पाल, प्रभारी आईटी सेल









