रुपए लेकर दर्शन का प्रलोभन, महाकाल शयन आरती में प्रवेश के लिए मांगी राशि

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:महाकाल मंदिर में दर्शन,पूजन और प्रवेश कराने के लिए रुपए मांगने का एक और मामला सामने आया है। गुडग़ांव आने वाले चार श्रद्धालुओं ने शयन आरती में प्रवेश के लिए एक पंडि़त द्वारा रुपए मांगने का आरोप लगाया है। गुडग़ांव से चार श्रद्धालु से शयन आरती में प्रवेश के नाम पर 1100 रुपए प्रति व्यक्ति मांगने का मामला सामने आया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शयन आरती में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। गुडग़ांव से चार लोग निधि शर्मा, पति परलव शर्मा व ऋतु गुप्ता, पति धीरज गुप्ता महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। चारों दर्शनार्थियों को भस्म आरती की परमिशन नहीं मिली। सभी ने रात को शयन आरती में शामिल होने का निर्णय लिया।
श्रद्धालु अब करेंगे कलेक्टर से शिकायत
निधि ने बताया कि हम चारों ने 250 रुपए की शीघ्र दर्शन की टिकट ली। लाइन में लगे तो पता चला कि आगे जाकर 250 वाली लाइन आम श्रद्धालुओं के साथ मिक्स हो गई। शयन आरती करना थी। इस बीच वहां खड़े एक पंडित हमारे पास आए और कहा कि आरती देखना हो तो 1100 रुपए प्रति व्यक्ति लगेगा।
हम आपको आगे बैठा देंगे। 4400 रुपए में बात तय हो जाने के बाद पंडित ने हमें आरती के बाद रुपए देने को कहा। हम खड़े ही हुए थे कि मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने हमें आगे जाने का कह दिया और पंडित की बताई हुई जगह से हमें हटा दिया गया।
इसके बाद पंडित ने हमें आरती में बैठाने की जतन कर रुपए वसूलने की कोशिश,लेकिन उसकी व्यवस्था नहीं जम पाई, इसके चलते हमारे रुपए बच गए। निधि ने बताया कि आखिरकार हमें सीसीटीवी आरती में देख कर ही संतोष करना पड़ा। निधि बताया कि वे महाकाल मंदिर में इस तरह की लूट और आरती के नाम पर रुपए वसूलने वालों के खिलाफ कलेक्टर को जल्द ही शिकायत करेंगी। इतनी दूर से आने के बाद मंदिर की व्यवस्था को देखकर काफी बुरा लगता है।









