पिता की दूसरी शादी से नाराज बेटे ने की हत्या, सोते समय चाकू से हमला

By AV NEWS

इंदौर। इंदौर के राजेन्द्र नगर इलाके में एक इलेक्ट्रिशियन की उसके बेटे ने हत्या कर दी। हत्या के वक्त पिता सो रहे थे। तभी आरोपी बेटे ने पिता की गर्दन, जांघ, पसलियों पर चाकू से कई वार किए। वह अपने पिता की दूसरी शादी से नाराज था। पुलिस ने बेटे पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। राजेन्द्र नगर पुलिस के मुताबिक कमल पुत्र धानसिंह गोडाने निवासी कुंदन नगर को उसके परिवार के लोग रात 3 बजे के लगभग एमवाय लेकर आए थे। कमल के दामाद राहुल ने बताया कि कमल की दूसरी शादी से उसका बेटा अमन नाराज था।

एक दिन पहले कहासुनी से नाराज होकर अमन ने पिता कमल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कमल की दूसरी पत्नी निशा भी घायल हुई है। घायल कमल की दो दिन तक उपचार के बाद शनिवार देर रात एमवाय अस्पताल में मौत हो गई। निशा ने पुलिस को बताया कि कमल की पहली पत्नी आशा की चार साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद कमल को पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने और खाने की दिक्कत थी। इसके चलते उसने डेढ़ साल पहले दूसरी शादी कर ली। कमल को पहली पत्नी से दो बेटियां सुजाता, नेहा और दो बेटे राहुल, अमन हैं। चारों की शादी हो चुकी है।

पिता की दूसरी शादी के कुछ समय बाद अमन विवाद करने लगा। वह घर के खर्चों को लेकर नाराज रहने लगा। गुरुवार 27 जून की रात पिता कमल, सौतेली मां निशा और अमन व उसकी पत्नी का विवाद हुआ। इस विवाद के चलते कमल की बेटी नेहा और दामाद राहुल भी घर पहुंचे। यहां सभी ने विवाद सुलझाया।

इसके बाद रात करीब 2 बजे अमन चाकू लेकर पिता कमल के कमरे में गया और सोते समय हमला कर दिया। उसने गर्दन, पसली, जांघ और कमर में चाकू से कई वार किए। कमल की सौतेली मां निशा ने रोका तो उसे भी चाकू मार कर घायल कर दिया। शोर शराबे की आवाज पर बड़ा बेटा राहुल उसकी पत्नी वंशिका, बेटी नेहा और दामाद राहुल कमल के कमरे में आए।

उन्होंने अमन को पकड़ा तो घायल कमल खुद को बचाने के लिए घर से बाहर निकल आया। पूरा परिवार कमल के पीछे दौड़ा और उसे लेकर पहले जिला और फिर एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने अधिक खून बहने के कारण ऑपरेशन करने की बात कही। लेकिन एक दिन चले उपचार के बाद शनिवार देर रात कमल ने दम तोड़ दिया।

Share This Article