अनुकूल जैन फिर बन सकते प्रभारी प्रशासक

कलेक्टर आज जारी करेंगे आदेश, प्रोटोकॉल टीम की होगी सर्जरी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धाकड़ की सेवाएं वापस वित्त विभाग को लौटाने का आदेश 24 को ही आ गया था
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। महाकाल मंदिर के प्रशासक गणेश धाकड़ को हटाने के बाद एडीएम अनुकूल जैन को प्रभारी प्रशासक बनाया जा सकता है। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह शुक्रवार को आदेश जारी कर सकते हैं। प्रोटोकॉल टीम की भी सर्जरी की जा सकती है। नए साल की शुरुआत से पहले प्रशासन महाकाल मंदिर की व्यवस्थाएं बेहतर करने की तैयारी कर रहा।
महाकाल मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ को हटाने का आदेश भोपाल से 24 दिसंबर को ही जारी कर दिया गया था। धाकड़ की सेवाएं शासन ने वित्त विभाग भोपाल को वापस कर दी हैं। गुरुवार को धाकड़ प्रशासक पद से रिलीव हो गए। सूत्रों के अनुसार प्रशासक का प्रभार एडीएम अनुकूल जैन को दोबारा सौंपा जा सकता है। जैन पहले भी प्रभार संभाल चुके हैं, लेकिन उन्हें समय कम मिला।
प्रोटोकॉल टीम में होगा बदलाव
जिला प्रोटोकॉल टीम में भी बदलाव हो सकते हैं। महाकाल दर्शन कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने सहायक जिला सत्कार अधिकारी अभिषेक भार्गव को भी हिरासत में लिया है। इस कारण सहायक सत्कार अधिकारी को भी बदला जा सकता है।
नाराज हैं महाकाल या कोई और बात ?
प्रशासक की कुर्सी पर कोई अधिकारी ज्यादा दिन नहीं बैठ पा रहा। माना जा रहा है कि अपने भक्तों से रुपए लेने से महाकाल नाराज चल रहे हैं। उनका कोप कई घटनाओं के रूप में दिखाई दे रहा है। या इसके पीछे कोई और बात है। मंदिर में करोड़ों रुपए का दान आना भी इसके पीछे एक कारण माना जा रहा। इसलिए प्रशासक की कुर्सी का महत्व बढ़ गया है।