Friday, September 22, 2023
Homeउज्जैन समाचारफ्रीगंज ब्रिज पर शार्ट रुट के लिए मनमानी पुलिस के बेरिकेट्स भी...

फ्रीगंज ब्रिज पर शार्ट रुट के लिए मनमानी पुलिस के बेरिकेट्स भी नहीं रोक पा रहे

ग्राण्ड होटल की ओर गलत दिशा में घुस रहे वाहन चालक, दुर्घटना का खतरा

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। फ्रीगंज ओवर ब्रिज पर पुलिस ने ब्रिज के सेंटर से लेकर ग्राण्ड होटल की ओर जाने वाली शाखा के बीच बेरिकेट्स लगाकर गलत दिशा में वाहन लेकर घुसने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया है। बावजूद इसके वाहन चालक गलत दिशा में वाहन लेकर घुस रहे हैं।

नये और पुराने शहर को जोडऩे वाले फ्रीगंज ओवर ब्रिज पर चामुण्डा माता चौराहा होते हुए ग्राण्ड होटल की ओर जाने वाली दिशा में लगातार वाहन चालक यातायात के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इस पर रोक के लिये कुछ साल पहले यातायात पुलिस का जवान भी तैनात किया गया था। लेकिन बाद में यह व्यवस्था बंद कर दी गयी।

हालांकि इस पर अंकुश लगाने के लिये यातायात पुलिस ने फ्रीगंज ब्रिज के मध्य से लेकर ग्राण्ड होटल वाली साइड पर बेरिकेट्स लगाना शुरू कर दिया था। यह व्यवस्था अभी भी बनी हुई लेकिन शार्टकट के चक्कर में ज्यादातर वाहन चालक इस ओर गलत दिशा में वाहन लेकर घुस रहे हैं। इसके चलते टावर से चामुण्डा चौराहे की ओर जा रहे वाहन चालकों को हमेशा रांग साइड घुस रहे वाहनों से टकराने का खतरा बना रहता है। कई बार तो यहां वाहन आपस में टकरा भी जाते हैं। कुल मिलाकर ब्रिज पर यातायात पुलिस का बेरिकेट्स वाला फार्मूला विफल साबित हो रहा है।

पूरे ब्रिज पर लगायेंगे बेरिकेट्स

फ्रीगंज ब्रिज पर रांग साइड वाहन लेकर गुजरने वाले वाहन चालकों को रोकने के लिये बेरिकेट्स लगाये गये हैं। इसके बावजूद लोग नियम तोड़ रहे हैं। जल्द ही पूरे ब्रिज पर यह व्यवस्था कर दी जायेगी। जिससे वाहन चालकों को गलत दिशा में घुसने की जगह नहीं मिलेगी।
एचएन बाथम, डीएसपी यातायात पुलिस

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर