5 दिन पहले इंडक्शन कोर्स में आये थे
उज्जैन। रतलाम डीआरपी लाइन में पदस्थ एएसआई की सुबह चाय पीने के बाद मृत्यु हो गई। डॉक्टर द्वारा हार्टअटैक की संभावना जताई गई है। पंवासा पुलिस ने एएसआई के शव का पीएम कराया।
आत्माराम पिता नाथूराम व्यास 61 वर्ष निवासी डीआरपी लाइन रतलाम एएसआई के पद पर पदस्थ थे। उनके साथी शफाउल्ला खां ने बताया कि 16 नवंबर को रतलाम डीआरपी लाइन से आत्माराम सहित 6 लोग इंडक्शन कोर्स करने पीटीएस में आये थे। आत्माराम रोजाना की तरह सुबह 5.30 बजे नींद से जागे।
शेविंग की और नहाने के बाद चाय पी। उसी दौरान आत्माराम व्यास की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गये। उन्हें एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय लेकर आये जहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने आत्माराम व्यास को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि आत्माराम की पत्नी रतलाम में रहती हैं उनका बेटा बैंक में मैनेजर है और इंदौर में रहता है।