ऑटो रास्ते में पड़े बैरिकेड से टकराया, ड्रायवर की मौत

हरिफाटक रोड पर हुआ हादसा
सवारी छोड़कर घर लौट रहा था
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:नानाखेड़ा पर सवारी छोड़कर आटो से घर लौट रहे युवक का ऑटो रास्ते में पड़े बैरिकेड से टकरा गया। दुर्घटना में युवक की अस्पताल लाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। नीलगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है। विशाल मालवीय पिता राजाराम 23 वर्ष निवासी केसरबाग कालोनी मक्सी रोड स्वयं का ऑटो चलाता था।
उसके भाई योगेश मालवीय ने बताया कि रात करीब 10.45 बजे विशाल आटो से सवारी छोडऩे नानाखेड़ा गया था। वहां से लौटते समय हरिफाटक रोड़ स्थित शिप्रा ढाबे के सामने रखे बेरिकेड से उसका आटो टकरा गया। विशाल के सिर व मुंह में गंभीर चोंटे आई थीं। सूचना मिलने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया।
दौलतगंज चौराहे पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवक घायल
इधर रात करीब 1.30 बजे दौलतगंज चौराहे से बाइक पर सवार होकर जा रहे तीन युवकों को कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। महाकाल थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शांतिलाल पिता मधुलाल बैरागी 45 वर्ष निवासी पंवासा, भूपेन्द्र पिता आत्माराम व नितेश राव बाइक से तोपखाना तरफ जा रहे थे तभी दौलतगंज चौराहे पर कार क्रमांक जीजे 01 केएल 2107 के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में शंातिलाल व भूपेन्द्र को चोंट आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।









