बजाज ने बंद की पल्सर 125cc, फैन्स को लगा बड़ा झटका

बजाज ऑटो ने अपनी 125 सीसी स्पोर्ट्स बाइक पल्सर एन125 को भारतीय बाजार से हटा दिया है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर यह मॉडल अभी भी दिखाई दे रहा है, लेकिन डीलर स्तर पर इसकी आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई है। हालांकि, इसका उत्पादन अभी भी जारी है, क्योंकि कंपनी इस बाइक का निर्यात नेपाल, पेरू, कोलंबिया, मोरक्को समेत कई देशों में कर रही है।

दो साल से पहले ही लेना पड़ा फैसला
पल्सर एन125 को अक्टूबर 2024 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था। कंपनी को इससे बेहतर बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन ग्राहकों की सीमित प्रतिक्रिया के कारण इसे दो साल पूरे होने से पहले ही बंद करने का फैसला लेना पड़ा। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक बजाज इसे नए डिजाइन और आधुनिक फीचर्स के साथ दोबारा बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है।
तकनीक बेहतर, लेकिन डिजाइन नहीं आया पसंद
यह बाइक पूरी तरह नए प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई थी, जिसे पल्सर सीरीज के किसी अन्य मॉडल के साथ साझा नहीं किया गया था। इसमें नया इंजन दिया गया था और करीब 125 किलोग्राम वजन के साथ यह पल्सर सीरीज की सबसे हल्की बाइकों में शामिल थी। तकनीकी रूप से मजबूत होने के बावजूद इसका पतला और अलग डिजाइन भारतीय ग्राहकों को ज्यादा पसंद नहीं आया। अधिकांश खरीदारों ने पारंपरिक मस्कुलर लुक वाली बाइकों को प्राथमिकता दी।
फीचर्स की कमी भी बनी बड़ी वजह
बाजार में इस सेगमेंट की दूसरी बाइकों के मुकाबले पल्सर एन125 फीचर्स के मामले में भी पीछे रह गई। इसमें टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एबीएस जैसे आधुनिक फीचर्स नहीं दिए गए थे, जबकि इसी श्रेणी की कई दूसरी बाइकों में ये सुविधाएं उपलब्ध थीं। इसी कारण इसकी प्रतिस्पर्धी बाइकों को बेहतर प्रतिक्रिया मिली।
2027 में नए रूप में लौट सकती है पल्सर एन125
रिपोर्ट्स के अनुसार बजाज अगले साल जनवरी से मार्च के बीच नई पल्सर एन125 लॉन्च कर सकती है। परीक्षण के दौरान सामने आई तस्वीरों से संकेत मिले हैं कि नई बाइक पहले से अधिक प्रीमियम, बड़ी और आकर्षक डिजाइन के साथ आएगी। इसमें नया फ्रंट फेसिया, बड़ा हेडलैंप काउल और नए बॉडी पैनल दिए जाएंगे, जिससे इसका लुक ज्यादा आक्रामक होगा।
नई बाइक में मिल सकते हैं कई बड़े अपडेट
नई पल्सर एन125 में स्प्लिट सीट, नए रियर ग्रैब रेल, पूरी तरह ढका हुआ चेन कवर, आरामदायक राइडिंग पोजिशन, टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क, रियर मोनोशॉक सस्पेंशन और अलॉय व्हील जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। ब्रेकिंग के लिए आगे डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक दिया जा सकता है, जिससे सुरक्षा और प्रदर्शन दोनों में सुधार देखने को मिलेगा।









