बजरंग बली का महोत्सव हनुमान अष्टमी पर श्रद्धा का ज्वार

11 हज़ार लड्डुओं का महाभोग स्वर्ण आभूषणों से सजाए गए प्रभु
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मंदिरों में उमड़ी भक्तों की रिकॉर्ड तोड़ भीड़
उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में शुक्रवार को हनुमान अष्टमी का पर्व पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में भक्तों का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला, जिससे सड़कों तक आस्था का ज्वार उमड़ आया। मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और सुगन्धित पुष्पों से सजाया गया, जहां दिनभर सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और अखंड रामायण पाठ की गूंज सुनाई देती रही। शहर भर के हनुमान मंदिरों में अष्टमी पर्व पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना शुरू हो गए हैं, वहीं कई स्थानों पर विशाल भंडारों के आयोजन की जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।
महाकाल बने हनुमान धारण किया श्रीराम
हनुमान अष्टमी पर शुक्रवार तड़के भस्म आरती में बाबा महाकाल को हनुमान जी के रूप में श्रृंगार किया गया। सबसे पहले गर्भगृह के पट खोलकर पुजारी ने भगवान का श्रृंगार उतारा और पंचामृत पूजन के बाद कर्पूर आरती की। नंदी हाल में नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया। इसके बाद जल से भगवान महाकाल का अभिषेक किया गया और दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। भगवान महाकाल को हनुमान के रूप में श्रृंगारित कर मस्तक पर श्रीराम धारण किया गया।
उजडख़ेड़ा में मारुति यज्ञ
उजडख़ेड़ा हनुमान मंदिर (बडऩगर रोड) पर गुरु रणछोड़ दास जी की प्रेरणा से आयोजित श्रीराम मारुति यज्ञ की पूर्णाहुति हुई। यह यज्ञ गुरुवार को प्रारंभ हुआ था। शाम को भगवान की राजभोग आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
श्रीखेड़ापति पर होगा भंडारा
गाड़ी अड्डा चौराहा स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर का शुक्रवार को आकर्षक श्रृंगार किया गया। यहां अखंड रामायण पाठ चल रहा है। महंत हरिहरदास रसिक ने बताया कि शाम को महाआरती के बाद भंडार होगा। श्री अखंड ज्योत हनुमान मंदिर फ्रीगंज पर भगवान हनुमान का आकर्षक श्रृंगार किया गया है। पुजारी पं. घनश्याम शर्मा ने बताया शाम 7.30 बजे भगवान की आरती होगी और भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। विष्णु सागर स्थित श्री जयवीर हनुमान मंदिर पर भी हनुमान अष्टमी महोत्सव के तहत कई धार्मिक आयोजन चल रहे हैं। सुबह श्रृंगार, पूजन, अभिषेक और हवन होगा। इसके बाद दोपहर १ बजे से भंडारा प्रारंभ होगा।
स्वर्ण आभूषणों से सजे गुमानदेव
गुमानदेव हनुमान मंदिर पीपलीनाका रोड पर सुबह 9.30 बजे मंगल आरती हुई। गादीपति पं. चंदन श्यामनारायण व्यास ने बताया दोपहर में अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति होगी। बाबा गुमानदेव हनुमान जी को जरी की पोशाक और स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया है। रात 8.30 बजे महाआरती के बाद छप्पन भोग लगाया जाएगा।
बाल विजय हनुमान सूर्यदेव के पास पहुंचे
श्री बाल विजय मस्त हनुमान मंदिर (महाकालेश्वर प्रांगण) में शुक्रवार सुबह 9 बजे की मंगला आरती में 11 हजार बेसन के लड्डुओं का दिव्य महाभोग लगाया गया। मंदिर पर की गई सजावट में बाल विजय हनुमान को आसमान में सूर्यदेव के पास जाते हुए दिखाया गया है। दिन में अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति हुई। शाम 7 बजे मुख्य आरती के बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसादी वितरित की जाएगी। श्री महाकाल मंदिर प्रांगण स्थित सूर्यमुखी हनुमान मंदिर को स्वर्णमंडित चोला श्रृंगार किया गया मंदिर प्रांगण स्थित दास हनुमान का भी विशेष श्रृंगार किया गया
कमल पर विराजित गेबी हनुमान
हनुमान अष्टम पर शुक्रवार श्री गेबी हनुमान मंदिर (ढाबा रोड) पर भगवान का मनमोहक आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें कमल के पुष्प पर विराजित किया गया। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। हवन-पूजन के बाद चूरमा का भोग अर्पित किया जाएगा, जो भक्तों में वितरित होगा। मुख्य आरती रात्रि 10.30 बजे होगी।










