राहुल गांधी ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

By AV News 2

मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मंगलवार को चौथा दिन है। वे उज्जैन पहुंचे। यहां उन्हाेंने बाबा महाकाल के दर्शन किए।वे गर्भगृह में जाकर जलाभिषेक नहीं कर पाए। दरअसल शिवनवरात्र होने के कारण भगवान के शृंगार का समय तीन बजे से शुरू हो गया था। इस दौरान किसी भी वीवीआइपी को भी गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जाता। इसके पहले भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने सारंगपुर के बाद आज शाजापुर होते हुए उज्जैन शहर में प्रवेश किया।

राहुल गांधी ने रोड शो के दौरान सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जो लोग डरते हैं, नफरत उन्हीं के अंदर पैदा होती है। जो निडर होकर मुश्किलों का सामना करते हैं, वे जीवन में कुछ भी कर सकते हैं। नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना बहुत आसान होता है।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज उज्जैन पहुंचे। जहां वे सबसे पहले शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया के निवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रवि भदौरिया की धर्मपत्नी को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिसके बाद कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पत्रकारों को संबोधित किया।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को इतनी सीट मिलेगा के जवाब में कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी को 12 से 13 सीट मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी हमेशा ही माहौल बनाने में मास्टर रही है और इस बार भी वह यही कर रही है। भाजपा में शामिल होने की बात पर कमलनाथ ने कहा कि मेरे भाजपा में जाने की बात आप ही लोगों ने फैलाई थी, मैंने कभी अपने मुंह से ये नहीं कहा कि मैं भाजपा में जा रहा हूं। यह तो आप ही ने चलाया था। मैं किसी संसदीय क्षेत्र में चुनाव नहीं लड़ रहा हूं, चुनाव नकुल जरूर लड़ेगा।

शाजापुर शहर के धोबी चौराहा से यात्रा रोड शो के रूप में पुराने हाईवे से गुजरते हुए टंकी चौराहा पहुंची जहां राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इसके बाद यात्रा मक्सी की ओर रवाना होगी। नुक्‍कड़ सभा में राहुल गांधी ने कहा कि मोदी चाहते हैं कि आप दिनभर मोबाइल पर रहो। जय श्रीराम बोले और भूखे मर जाओ।

Share This Article