Max Care हॉस्पिटल के ऑटो क्लेव में ब्लास्ट, दो कर्मी झुलसे

एक की हालत गंभीर, अस्पताल का लाइसेंस १० दिन के लिए सस्पेंड
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज| उज्जैन। नानाखेड़ा क्षेत्र में स्थित मैक्स केयर हॉस्पिटल में गुरुवार दोपहर ऑटो क्लेव में ब्लास्ट होने से दो कर्मचारी झुलस गए। इसमें एक महिला कर्मचारी की हालत गंभीर है। उन्हें इंदौर के टी. चोइथराम अस्पताल भेजा गया है। वहीं सीएमएचओ ने हॉस्पिटल का लाइसेंस 10 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है।
घटना वाली जगह को सील कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भरतपुरी मार्ग पर स्थित मैक्स केयर हॉस्पिटल में ऑपरेशन थिएटर में उपयोग में आने वाले औजार स्टरलाइजेशन किए जा रहे थे। इस समय हॉस्पिटल की महिला कर्मचारी मीनाक्षी वर्मा और एक वार्ड बॉय कक्ष में मौजूद थे। इसी दौरान स्टरलाइजेशन का ऑटो क्लेव फट गया और गर्म पानी उड़ा। जिससे मीनाक्षी और वार्ड बॉय बुरी तरह झुलस गए। घायल मीनाक्षी वर्मा के भाई आकाश पाटनेकर ने बताया कि, उसकी बहन पिछले चार महीने से इस अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में काम कर रही है।
बुरी तरह झुलस गई मीनाक्षी
आकाश ने बताया, शाम करीब 4 बजे फोन आया कि, अस्पताल में हादसा हो गया है, जल्दी आओ। वहां देखा तो बहन का चेहरा, चेस्ट, पेट बुरी तरह जल गए थे। हालत देख प्रभारी डॉ. ऋषभ से चर्चा की तो कहा हमने इलाज कर दिया है। जब दूसरे हॉस्पिटल जाने के लिए एंबुलेंस बुलवाई तो वह डेढ़ से दो घंटे बाद यहां आई। कर्मचारियों ने बताया कि, घटना दोपहर 1.30 बजे की है, जबकि परिवार के लोगों को अस्पताल से शाम 4 बजे सूचना दी गई। शाम को गंभीर घायल मीनाक्षी को इलाज के लिए एंबुलेंस से टी. चोइथराम अस्पताल भेजा गया।
इस तरह हुई घटना
अस्पताल प्रबंधन की ओर से संदीप सिंह बैस ने कहा कि, अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर के औजर ऑटो क्लेव किए जाते हैं। अस्पताल के स्टरलाइजेशन पर एक लड़की और एक लड़का दो लोग मिलकर काम कर रहे थे। ऑटो क्लेव एक तरह का कुकर होता है। जैसे कुकर को एक दम खोल देने से तेजी से भाप निकलती है। वैसे ही घटना इनके साथ हुई। ऑटो क्लेव जल्दी खोलने के कारण तेजी से एयर निकलने से दोनों को चोट आई है। मैनेजमेंट ने इनके इलाज के लिए मदद की बात कही है।
उपचार का खर्च प्रबंधन उठाएगा- अक्षर विश्व से चर्चा करते हुए सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल ने बताया कि मैक्स अस्पताल में जो कर्मचारी घायल हुए हैं उनका उपचार इंदौर में शुरू हो चुका है। उनके उपचार पर जितना भी खर्च होगा वह मैक्स अस्पताल प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा। डॉ. पटेल ने बताया कि अस्पताल का रजिस्ट्रेशन किस आधार पर हुआ, पंजीयन किस व्यक्ति के नाम से था, घटना किन कारणों से हुई इसकी जांच के लिए टीम गठित की है।
ओटी सील, जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना के बाद शाम को सीएमएचओ अशोक पटेल अस्पताल पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर उन्होंने अस्पताल की जांच की। वह स्थान भी देखा जहां ब्लास्ट हुआ था। इसके बाद उन्होंने चर्चा में कहा कि, हॉस्पिटल में ऑटो क्लेव फटने के कारण दो कर्मचारी घायल हुए हैं। करीब 60 से 65 प्रतिशत जले हैं। सुरक्षा की खामियों को देखते हुए अस्पताल का लाइसेंस 10 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है। यहां भर्ती मरीजों को डिस्चार्ज किया जाएगा। नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जाएगा। बताया जा रहा है कि घटना दोपहर 1 बजे की है, लेकिन हमें 4 से 5 बजे सूचना मिली।









