200 करोड़ से बनेंगे ब्रिज और फोरलेन

लोक निर्माण विभाग ने जारी किया टेंडर, 26 माह में काम पूरा करने का टारगेट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सिंहस्थ से पहले चिंतामन ब्रिज होगा फोरलेन

करोहन से नईखेड़ी तक टूलेन रोड के लिए 59 लाख का टेंडर
उज्जैन-बडऩगर रोड के छूटे हिस्से का भी होगा काम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के लिए प्रदेश सरकार एक्टिव मोड में है। लोक निर्माण विभाग ने ब्रिज और फोरलेन के लिए 204 करोड़ रुपए का टेंडर लगा दिया है। इससे शिप्रा नदी पर दो अतिरिक्त पुल और चिंतामन गणेश मंदिर रोड पर अतिरिक्त ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। चिंतामन ब्रिज को भी सिंहस्थ 2028 से पहले फोरलेन किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने सीआरआईएफ योजना के अंतर्गत ईपीसी मोड पर हरिफाटक, लालपुल, शंकराचार्य चौराहा से चंदूखेड़ी तक दो अतिरिक्त ब्रिज के साथ शिप्रा नदी पर टू लेन अतिरिक्त ब्रिज सहित फोरलेन रोड निर्माण के लिए 204 करोड़ 85 लाख 88 हजार रुपए का टेंडर जारी किया है। जल्द ही निर्माण एजेंसी तय होने के बाद इसका काम शुरू किया जाएगा। टेंडर में इसके लिए वर्षाकाल सहित 26 माह का समय तय किया गया है। संयुक्त टेंडर में लालपुल से चिंतामन गणेश, जवासिया फोरलेन रोड का उन्नयन और निर्माण कार्य शामिल है।
इससे चिंतामन गणेश मंदिर रोड पर बने त्रिभुजाकार टू लेन ब्रिज को अब फोरलेन बनाया जाएगा। करीब एक किलोमीटर लंबे इस ब्रिज के बीच में टॉप पर अब रोटरी बनाई जाएगी। पिछले सिंहस्थ में चिंतामन ब्रिज पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव था। इस पर जाम के हालात भी ज्यादा बने थे। इस कारण सरकार ने इसे प्राथमिकता से लेकर ब्रिज बनाने सहित रोड भी फोरलेन करने की हरी झंडी दी और अब लोक निर्माण विभाग ने बनाने के लिए संयुक्त टेंडर भी जारी कर दिया है।
इससे हरिफाटक ब्रिज से जंतर मंतर (जीवाजी वेधशाला) के सामने से होते हुए नेशनल हाईवे के बडऩगर फोरलेन तक कनेक्ट होने की राह साफ हो गई है। चिंतामन और मुरलीपुरा की ओर जाने वाले जंक्शन पर ब्रिज के टॉप पर रोटरी भी बनाई जाएगी, जिससे वाहन दुर्घटनाएं न हों। यह ब्रिज करीब एक किलोमीटर (1220 मीटर) लंबा होगा। टेंडर खुलने के बाद निर्माण एजेंसी तय कर वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसी साल ब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इस हिसाब से 2026 अंत तक फोरलेन ब्रिज से होकर गाडिय़ां सरपट दौड़ सकेंगी। चिंतामण ब्रिज सिंहस्थ-2016 में बनाया गया था। अब इसी ब्रिज के समानांतर तीन भुजाओं वाला नया ब्रिज बनाया जाएगा। इस ब्रिज से मेला क्षेत्र सीधे कनेक्ट रहेगा।
एनएचएआई ने जो रोड छोड़ा उसे पीडब्ल्यूडी बनाएगा
एनएचएआई ने बडऩगर बदनावर रोड को फोरलेन बनाया है, लेकिन उज्जैन से रोड को जोडऩे वाला हिस्सा छोड़ दिया गया, उसे पीडब्ल्यूडी बनाएगा। इसके लिए 53 करोड़ 30 लाख 77 हजार रुपए का टेंडर लगा दिया गया है। इसी तरह करोहन से नईखेड़ी तक पंचकोशी रोड टू लेन रोड के लिए विभाग ने 59 करोड़ 10 लाख 19 हजार रुपए का टेंडर लगाया है।
प्रक्रिया में टेंडर
आने वाले सिंहस्थ के लिए शिप्रा नदी पर ब्रिज और फोरलेन की योजना है। इसके लिए सीआरआईएफ योजना के अंतर्गत ईपीसी मोड पर संयुक्त टेंडर लगाया गया है। टेंडर अभी प्रक्रिया में है।- योगेंद्र कुमार बागोले, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग








