विश्वासघात… बहन से लूट करने वाला भाई गिरफ्तार, 4 लाख रुपए बरामद

देवासगेट पुलिस ने कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेजा

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। अपनी ही बहन के साथ विश्वासघात कर उसकी जीवनभर की कमाई को लूटने वाले सगे भाई को देवासगेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट की राशि ४ लाख रुपए भी बरामद की गई। बुधवार दोपहर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि ६५ वर्षीय संपत्तबाई पति भेरूलाल गेहलोत निवासी अंकपात मार्ग आयुर्वेदिक कॉलेज में काम करती हैं और फिलहाल अपने भाई देवीलाल के साथ मंगल नगर में रहती है। १ दिसंबर को संपत्तबाई ने अपना मकान बनाने के लिए चिमनगंज स्थित एसबीआई बैंक की ब्रांच से ४ लाख रुपए निकाले थे। इसमें से ३.५० लाख भाई देवीलाल दमामी को दिए और ५० हजार रुपए लेकर वह गाड़ी अड्डा की ओर से हीरामिल की चाल की ओर आ रही थी।
इसी दौरान एक अज्ञात शख्स आया और बहाने से उन्हें नजदीकी मंदिर पर ले गया जहां चाकू दिखाकर वृद्धा से ५० हजार रुपए छीनकर फरार हो गया। संपत्तबाई उसके पीछे भागी लेकिन गिरने से गंभीर घायल हो गई। इसी हालत में वह देवासगेट थाने पहुंची थी जिसे पुलिस ने चरक अस्पताल में भर्ती करवाया। बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली की लुटेरा हीरामिल कुंड के आसपास घूम रहा है।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी देवीलाल पिता नानूराम दमामी (57) निवासी मंगलनगर को बताया। आरोपी फरियादिया का सगा भाई है। पुलिस ने उसके कब्जे से संपत्तबाई से छीने ५० हजार और पहले दिन ३.५० लाख कुल ४ लाख बरामद किए गए। जिसे फरियादिया को सौंप दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।









