बीएसएफ कांस्टेबल की पत्नी कामाख्या एक्सप्रेस से लापता

उज्जैन के लिए यात्रा कर रहे थे साथ में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। कामाख्या से उज्जैन के लिए ट्रेन में पत्नी के साथ यात्रा कर रहे बीएसएफ कांस्टेबल की पत्नी बीना स्टेशन के बाद लापता हो गई। उसने जीआरपी थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई।
झार्डा निवासी विशाल ने बताया कि वह बीएसएफ में कांस्टेबल है और असम के सिलांग में पोस्टेड है। विशाल अपनी पत्नी के साथ वहीं रहता है। छुट्टी मिलने पर दोनों कामाख्या एक्सप्रेस के कोच एम-1 की सीट नंबर 27, 29 पर उज्जैन के लिए यात्रा कर रहे थे। विशाल ने बताया कि दोनों ने बीना में भोजन किया और अपनी-अपनी सीट पर सो गए।
उज्जैन स्टेशन पर नींद खुली तो देखा पत्नी सोना शर्मा 23 वर्ष अपनी सीट पर नहीं थी। ट्रेन व आसपास तलाश करने के बाद जब उसका पता नहीं चला तो जीआरपी थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। विशाल ने बताया कि उसे कोई शंका नहीं है। उसकी शादी 2023 में हुई थी। परसोली में सोना का मायका है। सूचना मिलने पर सोना के पिता अशोक शर्मा व अन्य परिवारजन भी जीआरपी थाने पहुंचे।









