मामला: केंद्रीय जेल भैरवगढ़ का….
पुलिस ने गबन कांड के केस में छह धाराएं और बढ़ा दी,
आरोपियों की संख्या भी बढ़ेगी
अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन।केंद्रीय जेल भैरवगढ़ गबन कांड में एक के बाद एक ओर परते खुलती जा रही है। पुलिस ने गबन कांड के केस में छह धाराएं और बढ़ा दी है। मामले में अब 10 से ज्यादा आरोपी बनेंगे। इस बीच केंद्रीय जेल भैरवगढ़ की पूर्व अधीक्षक रविवार को बयान दर्ज कराने नहीं पहुंची और पुलिस को तबीयत खराब होने व अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी है।
केंद्रीय भैरवगढ़ जेल में कर्मचारियों से हुए 15 करोड़ के गबन के आरोप में हटाई गई जेल अधीक्षक उषा राज रविवार सुबह थाने पर बयान देने नहीं पहुंची। थाने के कर्मी जब बंगले पर पहुंचे तो ताला लगा था। पता चला कि रात में ही मैडम कार से बिना बताए निकल गई। पुलिस ने फोन लगाया तो जवाब मिला कि इंदौर के अस्पताल में भर्ती हूं। जेल विभाग द्वारा इस संदर्भ में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं पुलिस ने गबन कांड के केस में छह धाराएं और बढ़ा दी है। मामले में अब 10 से ज्यादा आरोपी बनेंगे।
पुलिस की जांच अब बैंक खातों के आधार पर आगे बढ़ेगी, लेन-देन पर भी नजर
पुलिस ने उषा राज को शनिवार को 7 घंटे बयान के बाद पुलिस ने उन्हें सशर्त छोड़ा था कि जब तक जांच व बयान पूरे नहीं हो जाते, वे शहर छोड़कर कहीं नहीं जाएंगी।
इसके बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में उषा राज का मेडिकल कराया व रात 11 बजे उन्हें छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार फोन पर बात करने पर यह बताया कि वे इंदौर के मेडिकेयर अस्पताल में भर्ती है। उनकी बेटी के माध्यम से ये सूचना दी गई कि हार्ट संबंधी तकलीफ हुई है।
अस्पताल से छुट्टी होने के बाद पुलिस दोबारा से पूछताछ व बयान की प्रक्रिया शुरू करेगी। पुलिस के अनुसार केस में कई आरोपी बढऩे वाले हैं। इनमें निजी सहयोगी भी शामिल है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए छह धाराएं और बढ़ाई गई है। आज आने वाली बैंक डिटेल से ट्रांजेक्शन की काफी कुछ जानकारी पता लगेगी।