भाजपा पार्षद के साथ फ्रीगंज में चेन स्नैचिंग का प्रयास

महाराष्ट्र की महिला पकड़ाई शुगर की मरीज है
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। दीपावली की खरीददारी के दौरान भीड़ भरे बाजारों में चोरी, चेन स्नैचिंग, जेबकटी की वारदात के इरादे से बदमाश घूम रहे हैं। मंगलवार शाम एक महिला ने एमआईसी सदस्य के साथ चेन स्नैचिंग का प्रयास किया।
विवेकानंद कॉलोनी में रहने वाली वार्ड 36 की पार्षद और एमआईसी सदस्य दुर्गाशक्ति सिंह चौधरी अपने परिचित दीपक के साथ फ्रीगंज में दीपावली पूजन सामग्री खरीदने गई थीं। खरीददारी के दौरान एक महिला पीछे से आई और उनके कंधे पर हाथ रखकर सोने की चेन काटने का प्रयास किया। साथ आए युवक ने उसे देखा और तत्काल महिला को पकड़ा व दुर्गा शक्तिसिंह को अलर्ट किया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
उन्होंने मामले को समझा व महिला की पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। माधव नगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि चेन स्नैचिंग के प्रयास में पकड़ाई महिला से पूछताछ की जा रही है। वह महाराष्ट्र की रहने वाली है और शुगर की मरीज है। मामले में किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पार्षद दुर्गाशक्ति सिंह ने कहा कि चेन स्नैचिंग नहीं हो पाई। इस कारण थाने में शिकायत नहीं की थी।









