आया भादौ झूमके…जोरदार झड़ी से शहर तरबतर, शिप्रा का जलस्तर बढऩे से घाट और मंदिर डूबे

By AV NEWS

इंदौर में बारिश : एक ही रात में गंभीर आधे से ज्यादा भरा, जल स्तर कल सुबह 8 बजे 469 एमसीएफटी था, आज 11बजे हो गया 1000

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सावन माह रिमझिम बारिश के बीच बीत गया। चिंता का विषय यह कि शहर के प्रमुख पेयजल स्त्रोत गंभीर डेम अपनी क्षमता 2250 एमसीएफटी से आधा भी नहीं भर पाया।

बारिश सीजन में आज भी शहर में एक दिन छोड़कर जलप्रदाय हो रहा है हालांकि भदौ मास में तेज बारिश की संभावना थी जो सही साबित हुई और उज्जैन-इंदौर संभाग में हो रही तेज बारिश से यशवंत सागर ओवरफ्लो होते रात 9 बजे एक गेट खोला गया जो सुबह 6 बजे तक खुला रहा। शनिवार दोपहर 11 बजे तक गंभीर डेम का जलस्तर 1000 एमसीएफटी हो गया था।

शिप्रा छोटे पुल से 6 फीट ऊपर

उज्जैन, इंदौर, देवास में हो रही बारिश के चलते शिप्रा नदी में भी पानी का लेवल तेजी से बढ़ रहा है। सुबह शिप्रा नदी के छोटे पुल से 6 फीट ऊपर पानी बह रहा था। केडीगेट, छत्रीचौक, लाल मस्जिद चौराहा, दौलतगंज, एटलस चौराहा सहित पुराने शहर के अधिकांश इलाकों में नाले नालियां उफन गये और जल जमाव की स्थिति बन गई।

लगातार जारी रहेगा बारिश का दौर

शासकीय जीवाजी वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम 6 से शनिवार सुबह 6 बजे के बीच 1.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है जबकि इस मानसून सीजन में शहर में अब तक कुल 577.6 मिमी बारिश हो चुकी है। रात का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस था और हवा की गति 4 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन संभाग में बारिश का दौर अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

खेमासा में नदी के बीच बना माता मंदिर भी पूरी तरह डूबा

आखिरकार शहर को बड़ी राहत मिल गई है। इंदौर में हुई तेज बारिश के कारण उज्जैन का गंभीर डेम भी तेजी से भरने लगा है। एक रात में डेम में डेम में पानी का स्तर दोगुना हो गया। खेमासा में नदी के बीच बना माता मंदिर भी पूरी तरह डूब गया है। कुछ समय पहले नदी पूरी तरह सुख गई थी और मंदिर दिखाई दे रहा था। डेम भरता देख लोग खुश हो गए। पीएचई को भी इससे बड़ी राहत मिली है।

गंभीर डेम में पानी का लेवल शुक्रवार सुबह 469 एमसीएफटी तक गिर गया था। शुक्रवार को इंदौर में हुई बारिश के बाद रात को यशवंत सागर डेम का एक गेट खोला गया, जिससे गंभीर डेम में पानी आना शुरू हो गया। सुबह 5 बजे से डेम खुशियों के पानी से भरने लगा और सुबह 8 बजे 854 एमसीएफटी तक आ गया। हालांकि पिछले साल आज के दिन यानी 24 अगस्त तक 2032 एमसीएफटी पानी था। इंदौर में बारिश का दौर जारी रहा तो जल्द ही डेम भरने की उम्मीद है।

शहर में कल से रिमझिम और रुक रुक कर बारिश का दौर जारी था। वहीं इंदौर में पिछले दो दिनों से तेज बारिश हो रही है। इंदौर में हुई बारिश का असर यह हुआ कि यशवंत सागर डेम अपनी पूरी क्षमता से भरने के बाद रात 9 बजे एक गेट खोला गया। यशवंत सागर से छोड़ा गया पानी सीधे गंभीर डेम तक पहुंचना शुरू हुआ। गेट सुबह 6 बजे तक खुला रहा। इधर सुबह 9 बजे से शहर में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जिस कारण शहर के नाले नाली उफान पर आ गये। अधिकारियों के मुताबिक गत वर्ष 24 अगस्त तक गंभीर डेम में 2032 एमसीएफटी पानी था।

Share This Article