श्रद्धालुओं के साथ शहरवासियों को मिलेगी बड़ी राहत.. ऑटो रिक्शा में मीटर के हिसाब से किराया
नानाखेड़ा से 70 और देवास गेट से 30 रुपए में तीन यात्री पहुंच जाएंगे महाकाल मंदिर
उज्जैन।ऑटो रिक्शा के मीटर से चलने के बाद बाहर से आने वाले श्रद्धालु अब मनमाने किराए की शिकार नहीं बनेंगे। ऑटो रिक्शा में मीटर के हिसाब से किराया तय होने के बाद श्रद्धालुओं के साथ शहरवासियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। तय किराए और दूरी की बात करें,तो नानाखेड़ा से 70 रु. और देवास गेट से 30 रु. में एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर तीन यात्री महाकाल मंदिर पहुंच जाएंगे।
अभी तक ऑटो रिक्शा चालक देवास गेट से महाकाल मंदिर तक १०० रुपए तो नानाखेड़ा बस स्टैंड से महाकाल मंदिर तक 150-200 रुपए तक किराया वसूल रहे थे। अब इन पर लगाम लगने जा रही है। दरअसल, शहर में संचालित हो रहे ऑटो चालकों के मनमाना किराया वसूली पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने ऑटो रिक्शा में मीटर की अनिवार्यता के साथ नया किराया भाड़ा तय कर दिया है।
इसमें कम से कम एक किलोमीटर के लिए अधिकतम किराया २० रुपए तय किया है। इसके चलते अब ऑटो रिक्शा में सफर करने वाले लोग मीटर के हिसाब से किराया चुकाएंगे। यानी अब बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को देवास गेट बस स्टैंड से महाकाल मंदिर तक के लिए ३० रुपए और नानाखेड़ा बस स्टैंड से महाकाल मंदिर तक जाने के लिए को अधिकतम किराया ७०-७५ रुपए तक देना पड़ेगा।
मीटर से चलवाना बड़ी चुनौती
बता दें कि शहर में चलने वाले आटो रिक्शा का किराया भले ही मीटर के हिसाब से तय कर दिया गया हो लेकिन अभी भी आधे से अधिक रिक्शा वाले अपने वाहन मीटर से नहीं चला रहे हैं। सवारी द्वारा पूछने पर वे लोग मीटर खराब होने का बहाना बनाकर मनमाना किराया ले रहे हैं। यहीं वजह है कि शहर में मीटर से ऑटो संचालित करवाना एक बड़ी चुनौती है। संबंधित विभाग लगातार इसे लेकर प्रयास कर रहे हैं। नियम के अनुसार अब कोई भी ऑटो चालक सवारियों से अपने हिसाब से किराया नहीं ले सकता है।
प्रमुख बिंदु
निर्धारित किराया शहर में हर जगह के लिए लागू किया गया है। शहर में संचालित सभी ऑटो रिक्शा वालों को इसका पालन करना अनिवार्य हैं।
शून्य से प्रथम एक कि.मी तक की दूरी के लिए अधिकतम २० रुपए तो अधिक दूरी के लिए 17 रुपए प्रति कि.मी के हिसाब से।
एक ऑटो में अधिकतम सवारी संख्या तीन तय की गई है।