CM डॉ मोहन यादव ने लाडली बहनों को दिया बड़ा तोहफा, दिवाली से हर महीने मिलेंगे 1500 रुपए

इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को 3000 रुपए प्रति माह देने के अपने वादे को पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने 1250 रुपए की राशि हम दे रहे हैं, लेकिन अगले महीने रक्षाबंधन पर्व के शगुन के रूप 250 भी ट्रांसफर किए जाएंगे।
यह योजना पहले 1000 रुपए से शुरू हुई थी, जिसे बाद में 1250 रुपए किया गया। रक्षाबंधन पर 250 रुपए अतिरिक्त दिए गए थे। अब दिवाली से यह राशि 1500 रुपए प्रति माह हो जाएगी।उन्होंने कहा कि साल 2028 तक इसे 3000 रुपए कर दिया जाएगा। सीएम ने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा और कहा कि बीजेपी सरकार जवाबदेही से काम करती है। उन्होंने कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी के मामले में कहा कि कानून तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3000 रुपए देने के अपने वादे पर कायम है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी जो कहती है, वो करती है।मोहन यादव ने कहा कि सरकार अपने संकल्प पत्र को 5 साल में पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत राशि को हर साल बढ़ाया जाएगा। दिवाली पर यह राशि 1500 रुपए होगी। इसके बाद 2026, 2027 और 2028 में भी राशि बढ़ाई जाएगी।









