टूटती सांसों को नई जिंदगी देने वाले टीआई को सीएम ने किया सम्मानित

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फांसी के फंदे पर झूल रहे युवक को उतारकर अपनी सूझबूझ, साहस और तत्परता से टूटती सांसों को नई जिंदगी देने वाले नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मानित किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दरअसल, 29-30 जनवरी की दरमियानी रात करीब 12.45 बजे इमली तिराहा पर गश्त के दौरान टीआई गवरी के पास वहीं रहने वाला प्रवीण यादव दौड़ता हुआ आया था और बोला था- साहब, बेटे धैर्य को बचा लीजिए। उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और फांसी लगा रहा है। टीआई बिना देर किए दौड़ते हुए घर के अंदर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। अंदर युवक धैर्य फंदे पर लटका था, उसके हाथ-पैर कड़क हो चुके थे।
टीआई ने तुरंत फंदे से युवक को नीचे उतारा और एक से डेढ़ मिनट तक सीपीआर दिया जिसके बाद युवक की सांसें लौट आईं। इसके बाद उसे रतलाम के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। इस दौरान पूरे समय टीआई मौजूद रहे। युवक को नई जिंदगी देने पर शुक्रवार को नागदा आगमन पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने एडीजी उमेश जोगा, एसपी प्रदीप शर्मा एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में नागदा टीआई अमृतलाल गवरी को सम्मानित कर भविष्य में भी ऐसी ही जनसेवा की भावना से काम करने के लिए उनकी हौसला अफजाई भी की।









