सीएम ने किया कान्ह डक्ट परियोजना का भूमिपूजन, बोले- शिप्रा का जल शिप्रा में ही रहेगा

By AV News 1

600 करोड़ की लागत से बनेगा सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी डेम

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन गंगा दशहरा के मौके पर सीएम ने जिले को अनेक सौगात दी है। साथ ही शिप्रा का पानी शिप्रा में रहे इसके लिए शिप्रा नदी पर 600 करोड़ की लागत से सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी डेम के निर्माण की घोषणा की। शिप्रा शुद्धिकरण के लिए कान्ह डक्ट परियोजना का भूमिपूजन किया।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज हमारे कई वर्षों का संकल्प मूर्तरूप लेने जा रहा है। हमने सभी संतों के साथ यह संकल्प लिया था कि शिप्रा नदी के जल को निर्मल और स्वच्छ बनाएंगे और कान्ह नदी का पानी शिप्रा में मिलने से रोकेंगे। कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना के माध्यम से अब कान्ह का दूषित जल मां शिप्रा के किसी भी तट पर नहीं मिलेगा। कान्ह का पानी गंभीर नदी के निचले किनारे तक पहुंचाया जाएगा, जिसे भी शुद्धिकरण किया जाएगा और आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।

600 करोड़ रुपए की लागत से आने वाले समय में सेवरखेड़ी में बैराज निर्मित कर शिप्रा का पानी लिफ्ट कर सिलारखेड़ी ले जाया जाएगा और वहां से पुन: शिप्रा में छोड़ा जाएगा। इससे शिप्रा का पानी शिप्रा में ही रहेगा। सीएम ने ग्राम डेंडिया स्थित शनि मंदिर के पास आयोजित 817 करोड़ की लागत से कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना के साथ अन्य योजनाओं के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम शिरकत की। मुख्यमंत्री ने लगभग 598.66 करोड़ की लागत से बनने वाली कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का भूमिपूजन किया।

एयर एंबुलेंस सेवा

सीएम ने कहा कि उज्जैन में निरंतर विकास के कार्य चल रहे हैं तथा यहां के निवासियों को नित्य कई सौगातें मिल रही है। सभी पात्रता धारी अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवायें, जिससे उन्हें 5 लाख रुपए तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ मिले सके। एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से आयुष्मान कार्डधारी गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को कम समय में मुंबई, दिल्ली जैसे शहरों पर उपचार के लिए पहुंचाया जाएगा। यह सेवा आयुष्मान कार्डधारियों के लिए पूरी तरह नि: शुल्क रहेगी।

धार्मिक पर्यटन स्थलों का विकास

सीएम ने कहा कि उज्जैन और इंदौर संभाग सहित प्रदेश के सभी देवस्थानों व सभी धार्मिक पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा। भगवान महाकाल के महालोक के लोकार्पण के बाद उज्जैन की दशा बदली है। यहां के लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक में स्थित सप्तऋषियों की प्रतिमाएं जो क्षतिग्रस्त हो गई थी, उन्हें उज्जैन में ही कलाकारों द्वारा ठोस पत्थर से तराशकर निर्मित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम और कृष्ण के समय के ऐतिहासिक क्षणों के साक्षी रहे स्थलों का विकास किया जाएगा।

22.९१ करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण: मुख्यमंत्री द्वारा 22.९१ करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें 18 ग्रामों में नल-जल योजना निर्माण कार्य, उज्जैन में प्रशिक्षण केंद्र के छात्रावास भवन निर्माण, केंद्रीय जेल उज्जैन परिसर में खुली जेल का निर्माण, मप्र पुलिस आवास एवं अधोसरंचना विकास निगम के विभिन्न कार्यों का निर्माण, आक्याजागीर में हायर सेकेंडरी स्कूल का उन्नयन, उज्जैन में पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास भवन का निर्माण शामिल है।

816 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री यादव द्वारा 816 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत के कुल 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इसमें कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का निर्माण,दताना से नागझिरी मार्ग का निर्माण,तराना में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयन/निर्माण,तरण ताल से देवास रोड वाया कलेक्टोरेट एवं मंगलनाथ से चककमेड तक मार्ग निर्माण, घट्टिया में नवीन शासकीय आईटीआई का निर्माण, उज्जैन में 4 मार्गों का निर्माण, सिंहस्थ अंतर्गत रत्नाखेड़ी, मंगरोला, चांदुखेड़ी, जलालखेड़ी, नागदा मार्ग का निर्माण, जमालपुरा, कोकलाखेडी, नईखेडी सिलोदामोरी मार्ग का निर्माण, चांदमुख सिकंदरी गंगेडी ब्रजराज खेडी छायन मार्ग का निर्माण, काल भैरव मंदिर पार्किंग बाउंड्रीवाल, शेड, रेलिंग आदि का निर्माण का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभांवित होने वाले हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

उज्जैन-जावरा मार्ग फोरलेन बनेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 हजार करोड़ की लागत से उज्जैन-जावरा फोरलेन व्हाया नागदा का शीघ्र निर्माण पूरा होगा। वहीं उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन का शीघ्र भूमिपूजन किया जायेगा। विकास का यह क्रम सन्त समाजजनों के सहयोग से निरन्तर जारी रहेगा। विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

उज्जैन में लगेगी प्रतिमा निर्माण की इकाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में प्रतिमाएं बनाने की इकाई स्थापित की जाएगा। यहां बनी प्रतिमाएं प्रदेश और देश के कोने-कोने तक पहुंचेंगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही पीतल से भी प्रतिमाएं बनाई जाएगी। पूजा-पाठ सामग्री, भगवान की पोशाक, पूजा के पात्र भी प्रदेश में बनवाकर देश के कोने-कोने में उपलब्ध कराये जाएंगे। शासन द्वारा विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम में धार्मिक प्रसंगों को भी जोड़ा है।

परियोजना समय पर पूर्ण होगी

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना समय पर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन की सिंचाई क्षमता को 1 लाख 20 हजार हेक्टेयर से बढ़ाकर 4 लाख हेक्टेयर की जाएगी। मध्यप्रदेश में पहले जहां मात्र 5 से 6 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी उसे बढ़ाकर अब 47 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम को सांसद अनिल फिरोजिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री, अतिथियों के द्वारा कन्या पूजन के साथ किया गया। रामचंद्र गांगोलिया एवं उनके दल द्वारा कबीर भजनों की प्रस्तुति दी गई।

खुली जेल कॉलोनी भैरवगढ़ का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने खुली जेल कॉलोनी भैरवगढ़ का लोकार्पण किया। मध्य प्रदेश शासन द्वारा बंदियों के पुनर्वास की दिशा में की गई पहल के तहत 20 बंदी क्षमता की खुली जेल का निर्माण किया गया है। इसमें बंदी अपने परिवार सहित निवास कर सकेंगे। इस खुली जेल की निर्माण 3 करोड़ 25 लाख 48 हजार की लागत से किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा प्रदेश की जेलों में कैदियों को संपूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन कृत संकल्पित है। भैरवगढ़ की इस खुली जेल कॉलोनी का नियोजित ढंग से निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इस दौरान नवनिर्मित खुली जेल कॉलोनी का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव को जेल सुरक्षा बल द्वारा सलामी दी गई।

इंडियन कॉफी हाउस का शुभारंभ

सीएम ने पुलिस कंट्रोल रूम के समीप लगभग ढाई हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र में बनाए इंडियन कॉफी हाउस रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि इस इंडियन कॉफ़ी हाउस शाखा का निर्माण एजेंसी पुलिस विभाग है। इसमें पुलिस विभाग के लिए विशेष 30 प्रतिशत का डिस्काउंट प्रदान किया जाएगा। उज्जैन की जनता एवं पुलिस प्रशासन कि सुविधा के लिए इंडियन कॉफी हाउस प्रारंभ हुआ है। इसके माध्यम से सभी को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन मिलेगा। साथ ही इंडियन कॉफ़ी हाउस भारत कि विविधता को एकरूपता प्रदान करने वाले विभिन्न प्रकार के व्यंजन जनता को उपलब्ध करवाएगा।

Share This Article