गंभीर डेम के गहरीकण कार्य को देखने पहुंचे कलेक्टर

By AV News

नलवा में मानक के हिसाब से काम नहीं, इंजीनियर को नोटिस

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन जल स्रोतों के संरक्षण के लिए तालाबों के गहरीकरण का कार्य सतत जारी है। कलेक्टर शनिवार को गंभीर डेम के गहरीकण कार्य को देखने पहुंचे। यहां निर्धारित मानक 30 मीटर की दूरी का पालन नहीं करते हुए गहरीकरण किए जाने पर संबंधित इंजीनियर को नोटिस देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह ने अंबोदिया स्थित उज्जैन ग्रामीण अंतर्गत विभिन्न ग्रामों के तालाबों का निरीक्षण कर गहरीकरण कार्य का जायजा लिया। सबसे पहले कलेक्टर ने उज्जैन ग्रामीण अंतर्गत उमरिया खालसा तालाब के गहरीकरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से भी चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी का उपयोग खेतों में किया जा रहा है। कलेक्टर ने ग्राम नलवा स्थित तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित मानक 30 मीटर की दूरी का पालन नहीं होने पर संबंधित इंजीनियर को नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल स्रोतों के गहरीकरण कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जाए।

पौधरोपण और मार्ग को व्यवस्थित करने के दिये निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने अंबोदिया स्थित गंभीर बांध के गहरीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए की गंभीर बांध पर पौधरोपण कराया जाएं। वन विभाग से समन्वय कर ऐसे पौधों का रोपण किया जाए जो पानी में अनुकूल हों। गंभीर बांध पहुंच मार्ग को भी व्यवस्थित कराया जाएं।

गंभीर बांध को टूरिस्ट स्पॉट के रूप में डेवलप कराएं। जिससे गंभीर बांध घूमने आने वाले लोगों को अच्छा वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें 5 जून से शुरू होने वाले जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और अभियान से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मृणाल मीना, एसडीएम उज्जैन दक्षिण अर्थ जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article