बारिश के मौसम में डेम की स्थिति ’गंभीर’

पांच दिनों के अंतराल में डेम में 16 एमसीएफटी पानी कम हुआ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पिछले साल पूरा भरने आ गया था, इस बार जलस्तर घट गया
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन बारिश के इस मौसम में गंभीर डेम की स्थिति गंभीर है। पिछले साल डेम पूरा भरने आ गया था, जबकि इस बार डेम में पानी बढऩे की जगह और कम हो गया। पांच दिनों के अंतराल में 16 एमसीएफटी पानी कम हो गया। आज सुबह हुई बारिश से उम्मीद बंधी है, लेकिन खतरा इस बात का है कि अभी तक डेम खाली पड़ा है। आज की स्थिति में केवल एक माह का ही पानी बचा है। गंभीर डेम में अब केवल 404 एमसीएफटी पानी ही बचा है।
पीएचई के अधिकारियों की मानें तो यह एक माह तक लोगों को पानी पिलाने के लिए है। पिछले साल आज (27 जुलाई की स्थिति में) तक 1955 एमसीएफटी पानी भर चुका था। दो साल के ये आंकड़े अभी तो पीएचई की नींद उड़ा रहे हैं। जुलाई लगभग खत्म होने को आ गया है और डेम में 400 एमसीएफटी पानी ही है। शहर में रोज 5 एमसीएफटी से ज्यादा पानी की खपत हो रही है। इस कारण तेजी से पानी कम हो रहा है। शनिवार सुबह से हुई बारिश के कारण डेम के पानी का स्तर बढऩे की उम्मीद बंधी है। उज्जैन में इस बार बारिश कम हुई है। शहर में अब तक करीब 284 मिलीमीटर यानी 11 इंच बारिश ही हो सकी है। औसत बारिश से यह आंकड़ा काफी पीछे है।
ऐसे घटा पानी
24 जुलाई को 420 एमसीएफटी पानी था। 27 जुलाई को ४०४ एमसीएफटी पानी था 16 एमसीएफटी पानी पांच दिनों में कम हो गया।
इंदौर और आसपास तेज बारिश का इंतजार… इंदौर और आसपास तेज बारिश होने पर ही यशवंत सागर पूरी तरह से भर सकेगा। यशवंत सागर के गेट खोलने पर ही गंभीर डेम में पानी भर सकेगा। वर्तमान में शहर में भी तेज बारिश नहीं हो सकी है।
डेम की तीन स्थितियां
24 जुलाई 24
इस बार डेम में 420 एमसीएफटी पानी
पिछले साल 1904 एमसीएफटी था
खपत 5.674 एमसीएफटी
25 जुलाई 24
इस बार डेम में 415 एमसीएफटी पानी
पिछले साल 1938 एमसीएफटी था
खपत 5.408 एमसीएफटी
27 जुलाई 24
इस बार डेम में 404 एमसीएफटी पानी
पिछले साल 1955 एमसीएफटी था
खपत 5.400 एमसीएफटी









