हजारों मजदूरों को रोजगार मिल रहा आगर रोड उद्योगपुरी से
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन आगर रोड उद्योगपुरी में लगभग 200 कारखाने हैं। इनमें लगभग चार से पांच हजार मजदूरों को रोजगार मिल रहा है। लेकिन बरसों बाद भी उद्योगपुरी की हालत नहीं सुधर पाई है। जबकि मक्सी रोड उद्योगपुरी में दो साल के भीतर कई मार्गो पर पक्की सड़कें बन गई है। इससे अब काफी सुविधा हो गई है। जबकि आगर रोड उद्योगपुरी शुरू होते ही ऊबड़-खाबड़ सड़क दिखाई देने लगती है। इसकी हालत कब सुधरेगी इसको लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता है।
उद्योगपुरी की स्थापना लगभग 60 वर्ष पहले हुई थी। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी भारत इंडस्ट्रीयल कार्पोरेशन सोसाइटी की है, लेकिन उद्योगपुरी की हालत पूरी तरह से बदहाल बनी हुई है। बारिश के मौसम में यहां पर काम करने वाले मजदूरों को काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा जब भी बड़े वाहन उद्योगपुरी की सड़कों से होकर निकलते हैं तो धूल का गुबार उडऩा शुरू हो जाता है।
उद्योगपुरी में पावरलूम कारखानों के अलावा पीतल कारखाने, साइजिंग, प्रिंटिंग प्रेस, खली कारखाना आदि संचालित हो रहे हैं। उद्योगपुरी के कुछ कारखाने ऐसे हैं जहां पर मजदूर पाली के हिसाब से काम करते हैं और कारखाने 24 घंटे चालू रहते हैं। मक्सी उद्योगपुरी सड़कों की हालत सुधारने के बाद इस उद्योगपुरी में काम करने वाले मजदूरों को भी इस बात की उम्मीद है कि अभी तो जनप्रतिनिधि इस उद्योगपुरी पर भी अपनी नजरें इनायत करेंगे।
नालियों का अभाव…
उद्योगपुरी की हालत यह है कि कई कारखानों के आगे नालियां तक नहीं बनी है। जिससे गंदा पानी सड़कों पर ही भरा रहता है। बारिश के मौसम में कई कारखानों में पानी भर जाता है। जिससे कारखाना संचालकों को नुकसान उठाना पड़ता है।
जगह-जगह कचरे के ढेर
उद्योगपुरी में जहां सड़कें नहीं बनी है इसके अलावा सफाई व्यवस्था के प्रति कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कारखानों से निकलने वाला कचरा और पावरलूम कारखानों से निकलने वाली सामग्री कारखानों के बाहर इधर-उधर सड़क पर पड़ी रहती है। बारिश के मौसम में इससे ज्यादा गंदगी फैलती है।
एक रोड का हुआ भूमिपूजन
सेंटपॉल कान्वेंट स्कूल के सामने से लेकर बीमा अस्पताल के पीछे वाले चौराहे तक पिछले दिनों सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया। यह सड़क धन्वन्तरि आयुर्वेदिक अस्पताल के पास से होकर बनने जा रही है। इसका फायदा उद्योगपुरी के एक मार्ग को मिलेगा क्योंकि यह सड़क उद्योगपुरी होकर बनने जा रही है।