उपभोक्ता ने कहा- जमा करने के बाद भी जुडक़र आ रहा बिजली बिल, कुछ कीजिए

बिजली कंपनी के एसई को कलेक्टर के निर्देश, जल्द हल हो जाए समस्या
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। बिजली का बिल समय-समय पर जमा करने के बाद भी पिछला बकाया जोडक़र बिल भेजा जा रहा है। मेरी समस्या सुलझाइए साहब। यह पीड़ा जगन्नाथ बागड़ी नामक उस शख्स की है जो मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के सामने पहुंचा। कलेक्टर ने उनकी समस्या सुनी और बिजली कंपनी के एसई को जल्द समस्या दूर करने के निर्देश दिए। इसी तरह अपर कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं।
फसल काटने नहीं दे रहे दबंग: महिदपुर के जयश्री पति स्व. नागूलाल ने आवेदन दिया कि उन्होंने अपने स्वामित्व और आधिपत्य की कृषि भूमि पर सोयाबीन की बोवनी की थी। फसल पकने के बाद गांव के कुछ दबंगों द्वारा फसल काटने नहीं दी जा रही और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस पर तहसीलदार महिदपुर को मामले की जांच के निर्देश दिए।
पूर्व सरपंच और सचिव का सरकारी जमीन पर कब्जा
तराना तहसील के सामानेरा के ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव के पूर्व सरपंच और सचिव ने शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं योजनाओं के तहत प्राप्त राशि में भी अनियमितता की गई है। इस पर जनपद पंचायत तराना के सीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पहले पट्टे पर कब्जा अब घर से निकाल रहे
चिंतामन जवासिया निवासी संगीता पिता मुकेश ने आवेदन दिया कि उन्हें ग्राम पंचायत ने वर्ष 2017 में आवासीय पट्टा दिया था। इस पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया गया है और अब उसे घर से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। तहसीलदार उज्जैन ग्रामीण को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पड़ोसी ने किया जमीन पर कब्जा
शंकरपुर के रहने वाले अशोक राठौर ने पड़ोसी की शिकायत की। अशोक ने बताया उनके पड़ोस में रहने वाले एक शख्स ने सरकारी मार्ग और उनके आधिपत्य की जमीन पर कब्जा कर लिया है जिससे लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। विरोध करने पर झगड़ा किया जाता है। इस पर नगर निगम झोन-5 के अधिकारी को जांच के निर्देश दिए।









