निजातपुरा में फिर आया गंदा पानी उपयंत्री ने दिया लिखित आश्वासन

उज्जैन। शहर के निजातपुरा में गंदे पानी की समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को एक बार फिर नल से काला पानी आया तो लोग धरने पर बैठ गए। उन्होंने मौके पर पीएचई अफसरों को बुलाया। उपयंत्री ने लिखकर दिया है कि वार्ड की लाइन को क्षीरसागर टंकी से जोड़ा जाएगा।
दरअसल, निजातपुरा में नई सड़क बनाने के दौरान पाइपलाइन डालते समय गड़बड़ी कर दी गई। इसका नतीजा यह है कि नई सड़क के नीचे फूट रही पाइपलाइन का पता ही नहीं चल पा रहा है। इस वजह से यहां लगातार गंदा पानी आ रहा है। पंतजलि स्टोर की गली में शनिवार को गंदा पानी आया तो रहवासी धरने पर बैठ गए।
मौके पर उपयंत्री दिलीप नौधाने पहुंचे तो उनसे शिकायत की। बाल्टी में पानी की हालत देखकर खुद उपयंत्री दंग थे। ऐसे में तय किया कि संबंधित क्षेत्र को सीधे क्षीरसागर टंकी से सप्लाई दी जाए। इसके लिए नई पाइपलाइन डालना तय किया गया। रहवासियों ने आश्वासन लिखित में मांगा तो उपयंत्री नौधाने ने लिखित में जल्दी से काम पूरा करने का आश्वासन दिया है।









