निर्माणाधीन होटल पर चली निगम की पोकलेन

अवैध तरीके से हो रहा था निर्माण कार्य
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में सोमवार सुबह 7 बजे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ महाकाल मार्ग स्थित 4 मंजिला अवैध होटल निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, महाकाल मार्ग स्थित नेहा होटल के पास भवन क्रमांक 97/7/ए (नूरजहां पति गुलाम मोहम्मद) द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के जी+3 (भूतल और तीन मंजिल) का निर्माण कर लिया गया था। यह क्षेत्र जोन क्रमांक 3 के अंतर्गत आता है। सोमवार सुबह 7 बजे जब शहर जाग ही रहा था, निगम का रिमूवल अमला पोकलेन मशीनों और संसाधनों के साथ मौके पर पहुँच गया। सुरक्षा की दृष्टि से महाकाल थाना पुलिस का बल भी तैनात रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में पोकलेन के माध्यम से अवैध ढांचे को ढहाने की कार्रवाई शुरू की गई।
बाहर पुरानी दीवार, भीतर चल रहा था नया काम
उज्जैन। कलालसेरी इलाके में रविवार की शाम बोहरा समाज के जमातखाने की एक पुरानी दीवार भरभराकर गिर पड़ी। संकरी गली में हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है, गनीमत रही कि जिस वक्त दीवार गिरी गली में कोई मौजूद नहीं था, वर्ना जान का खतरा हो सकता था। दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर निगम की टीम यहां पहुंची और बचे-खुचे हिस्से को भी धराशाही कर दिया। यह घटना शाम करीब 4.15 बजे की है।
नईसड़क से कलालसेरी में पहुंचने के लिए एक संकरी गली से होकर जाना होता है। इसी गली के मुहाने पर बोहरा समाज का जमातखाना है। यहां कोई 100 साल पुरानी दीवार थी, इस दीवार के पीछे जमातखाने में नया निर्माण किया जा रहा था। इसी वजह से पुरानी दीवार क्षतिग्रस्त होकर एकाएक गिर पड़ी। नगर निगम के सब इंजीनियर दीपक शर्मा यहां अमले को लेकर पहुंचे और दीवार का बचा हुआ हिस्सा भी गिरवाया। निगम अधिकारियों की माने तो पहले भी दो बार इस दीवार को गिराने के लिए प्रबंधन कमेटी को नोटिस जारी हो चुका था।









