दीपावली पर पटाखे मिलेंगे महंगे ननि ने अपना व्यापार शुल्क बढ़ाया

शहर में पटाखा दुकान लगाने पर अब रोज 300 रुपए देना होंगे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस बार दीपावली पर शहर में पटाखे खरीदना महंगा पड़ेगा, क्योंकि नगर निगम ने शहर में लगने वाली सभी दुकानों पर व्यापार शुल्क बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले पटाखा व्यापारियों को केवल 180 रुपए रोज देना पड़ते थे, लेकिन इसे बढ़ाकर 300 रुपए कर दिया गया है। इसका असर दुकानों से बिकने वाले पटाखों की कीमतों पर पड़ सकता है।
शहर में तीन स्थानों पर दीपावली से पहले पटाखा दुकानें लगाने की अनुमति नगर निगम द्वारा दी जाती है। दशहरा मैदान, कार्तिक मेला मैदान और नगर निगम मुख्यालय परिसर में कुल करीब 200 दुकानें लगाई जाती हैं। इनसे प्रतिदिन 180 रुपए का शुल्क अब तक लिया जाता था। नगर निगम प्रशासन ने अब इसे बढ़ाकर 300 रुपए कर दिया है, जिसे एमआईसी ने भी हरी झंडी दे दी है। इससे निगम की आय में बढ़ोतरी हो जाएगी।
अब रोज 60 हजार रुपए ननि के खजाने में
पटाखा दुकानों का व्यापार शुल्क 300 रुपए करने से नगर निगम को रोज 60 हजार रुपए की आय होगी। पहले यह 36 हजार ही होती थी। इस तरह शुल्क बढ़ोतरी होने से निगम के खजाने में इस बार करीब पांच लाख रुपए की आय हो सकती है। नगर निगम की राजस्व समिति के प्रभारी रजत मेहता ने बताया पटाखा दुकानों का शुल्क बढ़ा दिया गया है।









