दमका बाजार, धनतेरस से पहले ‘महामुहूर्त’ का इंतजार

14-15 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र, नक्षत्रों का राजा है पुष्य
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस दिन की गई खरीदी स्थायी व विशेष फलदायी, सोना खरीदना शुभ
अक्षरविश्व न्यूजउज्जैन। धनतेरस से पहले आ रहे खरीदी के महामुहूर्त पुष्य नक्षत्र पर इस बार दो दिन बाजार में जमकर ‘धन’ बरसेगा। इस खास योग को देखते हुए बाजार दमक उठे हैं, वहीं व्यापारियों ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14 अक्टूबर को मंगलवार होने से भौम पुष्य नक्षत्र योग सुबह ११.५४ बजे से शुरू होगा जो 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक रहेगा। नक्षत्रों के राजा पुष्य नक्षत्र को खरीदी के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन की गई खरीदी स्थायी और विशेष फलदायी मानी जाती है।
ज्योतिषाचार्य पं. अजय कृष्ण शंकर व्यास ने बताया पुष्य नक्षत्र का स्वामी ग्रह शनि होता है, जबकि देवता गुरु बृहस्पति और राशि कर्क है। 27 नक्षत्रों मेें आठवां नक्षत्र पुष्य है जिसका अर्थ होता है पोषण करने वाला। पुष्य योग ज्योतिष शास्त्र में अत्यंत शुभ माना गया है। वार एवं पुष्य नक्षत्र के संयोग से भौम पुष्य जैसे शुभ योग का निर्माण होता है। दोनों ही धन, समृद्धि और ज्ञान के प्रतीक माने जाते हैं इसलिए इन दोनों के संयोग से बनने वाला यह योग बेहद शुभ माना जाता है। इस नक्षत्र में सोना-चांदी, वाहन सहित प्रॉपर्टी की खरीदारी श्रेष्ठ फलदायी होती है।
पुष्य नक्षत्र में खरीदी के शुभ मुहूर्त
पं. व्यास के मुताबिक वैसे तो पुष्य नक्षत्र अपने आप में महामुहूर्त है जिसमें दिनभर खरीदारी की जा सकती है लेकिन विशेष शुभ मुहूर्त की बात करें तो यह मंगलवार सुबह 11.54 बजे से रात तक रहेगा। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.44 से दोपहर 12.30 बजे तक, अमृतकाल शाम 6.09 से 7.37 बजे तक रहेगा। इस बीच दोपहर 2.59 अपराह्न से 4.25 बजे तक राहुकाल रहेगा। इस दौरान शुभ काम करने से बचें।
सोने की खरीदारी अत्यंत शुभ
ज्योतिषाचार्य पं. व्यास ने बताया कि सोने को शुद्ध, पवित्र और अक्षय धातु माना जाता है और पुष्य नक्षत्र पर इसकी खरीदी अत्यंत शुभ होती है। इसके अलावा भवन, भूमि, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, बहीखाते, घरेलू सामान सहित धार्मिक वस्तुएं जैसे शंख, कलश, चंदन आदि खरीदना भी शुभ होता है। इस दिन पुष्य नक्षत्र में मंगल ग्रह का प्रभाव रहेगा जो भूमि और संपत्ति का कारक है इसलिए इस दिन जमीन, संपत्ति और वाहन खरीदना भी अत्यंत शुभ माना जाता है।










