Advertisement

बुरी तरह पिटे, फिर भी पुलिस ने आरोपी बनाया, वीडियो वायरल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चार लोगों ने एक व्यक्ति को सरेआम दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और बुरी तरह घायल कर दिया। बचाने आई बुजुर्ग मां को भी मारा और धक्का देकर पटक दिया। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों पर क्रास मुकदमा कर दिया। घायल व्यक्ति ने आरोप लगाया कि गंभीर स्थिति में भी पुलिस ने दो दिन उसका इलाज नहीं कराया। हालत बिगडऩे पर वो खुद चरक अस्पताल इलाज कराने पहुंचा है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति अपनी मां के साथ बाइक से जा रहा है। चार व्यक्ति आकर उसे रोकते हैं और बुरी तरह पीटना शुरू कर देते हैं। बचने के लिए व्यक्ति यहां-वहां भाग रहा है। हमलावर उसे बचने नहीं देते, पकड़-पकड़ कर पीट रहे हैं। बचाने आई बुजुर्ग को भी आरोपी धक्का देकर पटक देते हैं और मारपीट करते हैं। इस पूरे मामले में घायल व्यक्ति कहीं भी हमला करता नहीं दिख रहा।

घटना में घायल नौशाद पिता अकबर पटेल (45) निवासी नायताखेड़ी थाना नरवर चरक अस्पताल में इलाज करा रहा है। नौशाद ने बताया कि उस पर शनिवार सुबह करीब 9.45 बजे गांव में ही इकबाल पिता दरवेश, उसका बेटा इकरार और साथी शाहरुख पिता इस्लाम और अरबाज पिता आशिक ने हमला किया था। घटना के वक्त वे अपनी मां बरकत बी (70) के साथ गमी में शरीक होने जा रहे थे। हमलावरों ने उन्हें रोका और मारपीट की। नौशाद ने बताया सिर, पेट और हाथ-पैर में गंभीर चोंट होने के बाद भी पुलिस ने उनका इलाज नहीं करवाया। हालत बिगडऩे पर वे खुद चरक अस्पताल इलाज के लिए आए हैं।

Advertisement

रुपए के लेन देन का विवाद
नौशाद ने बताया कि इकबाल से उनका एक लाख रुपए के लेनदेन का विवाद है। रुपए मांगने पर वो धमकियां देता है। इसी विवाद में उसने यह हमला किया है। नरवर पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस कायमी की है। नौशाद का कहना है कि मैंने हमला या मारपीट नहीं की, फिर भी पुलिस ने मेरे खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया। नरवर टीआई बल्लूसिंह मंडलोई ने बताया कि नौशाद ने पहले उनके घर पर विवाद किया था इस कारण दोनों पक्षों पर कार्रवाई की है।

Advertisement

Related Articles