मध्यप्रदेश में अजब गजब….उज्जैन में 31 अक्टूबर और इंदौर में 1 नवंबर को मनेगी दीपावली!

महाकाल मंदिर में 31 को मनेगी दीपावली अभी से तैयारियां शुरू
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस बार दीपावली को लेकर पूरे देश में संशय है। हाल ये है कि मध्यप्रदेश में करीब 50 किमी के फासले पर बसे उज्जैन और इंदौर में अलग-अलग दिन दीपावली मनाने की स्थिति बन गई है। महाकाल मंदिर सहित उज्जैन में यह महापर्व 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा तो इंदौर में 1 नवंबर को। सरकारी छुट्टी 31 अक्टूबर को होने से इंदौर में विचित्र स्थिति बन सकती है।
इस बार दीपावली की अमावस्या दोनों दिन प्रदोषकाल में है। इस कारण यह पर्व कहीं 31 अक्टूबर को तो कहीं 1 नवंबर को मनाया जाएगा, लेकिन एक ही राज्य में दो पास-पास बसे शहरों में अलग-अलग दिन दीपावली मनाने की स्थिति बनने का मामला सबसे रोचक है।
दरअसल, इंदौर में पंचांगकर्ताओं और ज्योतिषियों ने तय किया है कि दीपावली 1 नवंबर को मनाई जाएगी। जीवाजी वैधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त के अनुसार 31 अक्टूबर को दीपावली मनाना उचित है, क्योंकि अमावस्या 1 नवंबर की सुबह तक ही है। महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित आशीष गुरु ने बताया मंदिर में 31 अक्टूबर को दीपावली मनाई जाएगी और इसकी तैयारियां भी आरंभ कर दी हैं। उज्जैन के ज्योतिषी और पंचांगकर्ता भी 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाने का समर्थन कर रहे हैं।









