Sunday, October 1, 2023
Homeउज्जैन समाचारउज्जैन की इन कॉलोनियों में न खरीदे प्लाट और मकान

उज्जैन की इन कॉलोनियों में न खरीदे प्लाट और मकान

उज्जैन की इन कॉलोनियों में न खरीदे प्लाट और मकान

नगर निगम वेबसाइट पर अवैध कॉलोनियों की सूची होगी अपडेट

अगले माह तक कुछ कॉलोनियों के वैध होने की उम्मीद….

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। शहर की अवैध कॉलोनियों में प्लाट या मकान खरीदने से लोगों को रोकने के लिए नगर निगम एक नया कदम उठाने जा रही है।

निगम जल्द ही शहर में चिन्हित की गई अवैध कॉलोनियों की पूरी सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगी। ताकि, अपनी मेहनत की कमाई के पैसे से प्लाट या मकान खरीदने वाले लोगों को यह पता चल सके कि वे जिस कॉलोनी में प्लाट या मकान खरीद रहे हैं वहां कॉलोनाइजर ने सभी प्रकार की अनुमति ले ली है या नहीं।

दरअसल, अवैध कॉलोनियों में मकान लेकर फंसने वाले लोगों को बचाने के लिए नगर निगम की कॉलोनी सेल जल्द ही शहर में चिन्हित की गई अवैध कॉलोनियों की पूरी सूची अपनी वेबसाइट nagarnigamujjain.org पर अपलोड करेगी। इसमें विधान सभावार अवैध कॉलोनियों की जानकारी होगी। इनमें 31 दिसंबर 2016 तक विकसित वैध होने की पात्रता वाली कॉलोनियों के अलावा उसके बाद बसाई गई कॉलोनियों की जानकारी भी समाहित की जाएगी, ताकि लोग इन कॉलोनियों में भूखंड या भवन खरीदकर न फंसे।

अवैध कॉलोनियों को लेकर नगर निगम में आम लोगों द्वारा पूछताछ करने में इजाफा हुआ है। इसके अलावा सूचना के अधिकार के तहत लोग आवेदन लगाकर अवैध कॉलोनियों के संबंध में तरह-तरह की जानकारियां भी मांग रहे हैं। इसको देखते हुए नगर निगम के अधिकारियों ने निर्णय लिया है कि इन कॉलोनियों की सूची सहित अन्य जानकारियां निगम की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएं। इससे कोई भी व्यक्ति इन कॉलोनियों की जानकारी प्राप्त कर सकता है।

यह सूची वेबसाइट पर जल्द से जल्द डाल दी जाए, ताकि लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही नगर निगम ने अपील की कि प्लाट खरीदने से पहले वे बिल्डिंग परमिशन या संबंधित जोन ऑफिस से जानकारी ले लें। शहर में कुल 200 अवैध कॉलोनियां है, इसमें से 117 कॉलोनियों को पात्र कॉलोनी नियम23 (2) के तहत वैध किए जाने की तैयारी है।

वहीं 83 कॉलोनियों को अपात्र कॉलोनी नियम 23 (5) के अंतर्गत अपात्र घोषित किया गया है। फिलहाल 34 अवैध कॉलोनियों को निगम ने वैध करने का प्रस्ताव भेज दिया है। इधर शहर में अब तक 44 कॉलोनियों के कॉलोनाइजरों के खिलाफ नियम विरुद्ध प्लांट काटने व बेचने पर पुलिस प्रकरण दर्ज करवाए जा चुके है। शेष कॉलोनाइजरों के खिलाफ भी जल्द ही प्रकरण दर्ज कराए जाएंगे।

ऐसे चली कालोनियों को वैध करने की प्रक्रिया

राज्य शासन के निर्देश पर नगर निगम के अधिकारियों ने उज्जैन में 31 दिसंबर 2016 तक बनाई गई 175 अवैध कॉलोनियों को चिन्हित किया था। इसमें से 34 कॉलोनियों को वैध करने के लिए पात्र पाया गया, जबकि शेष कॉलोनियों में अवैध निर्माण सहित अन्य नियमों का उल्लंघन होने के कारण इन्हें अपात्र कर दिया गया। अभी तक कुल 34 कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया की जा चुकी है। हाल ही में निगम ने इन कॉलोनियों के लिए अधिसूचना का प्रकाशन कराकर दावे-आपत्ति मंगाए थे।

वर्तमान में 44 कॉलोनियां हैं अवैध की श्रेणी में, कुछ पर प्रकरण भी दर्ज

सरस्वती नगर, खुशी नगर, अहिल्या नगर, एमपीआर नगर, सम्राट नगर, आजाद नगर, झरण कॉलोनी, विवेक नगर, सागर परिसर, श्रीराम विहार, शिवधाम, गुलमोहर, मयंक परिसर, कृष्णधाम कॉलोनी, मंगल नगर, मारूति परिसर, सुन्दर नगर, विक्रम गांधी नगर, महाडिक कॉलोनी, ग्यारसी नगर, प्रजापति कॉलोनी, शहीद नगर, मैत्री निकुन्ज कॉलोनी, नाइस सिटी, उज्जवल नगर, एकता नगर, आनंद नगर, मित्र नगर, ग्रीन पार्क कॉलोनी आदि कॉलोनियों और उनके कॉलोनाइजरों के नाम दर्ज नगर निगम की वेबसाइट पर अपलोड है। नगर निगम का कॉलोनी सेल विभाग जल्द ही इसमें और नाम अपडेट करेगा।

वेबसाइट पर नाम अपडेट करेंगे…

अवैध कॉलोनियों की अपडेट सूची जल्दी ही निगम की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इस समय 44 कालोनियों की जानकारी वेबसाइट पर दर्शाई जा रही है। इसमें अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजर्स पर हुई एफआईआर की कॉपी भी देखी जा सकती है। जल्द ही शहर में चिन्हित की गई सभी अवैध कॉलोनियों की पूरी सूची नगर निगम की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। ताकि लोग सचेत हो सकें।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर