कल से वापस पेयजल का वितरण सुबह!

गड़बड़ी का ‘टर्न’… सुबह की जगह रात को मिल रहा पेयजल, आज शाम फ्रीगंज और उत्तर क्षेत्र में होगा जलप्रदाय
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन गंभीर डेम के इंटेकवेल पर लगे ट्रांसफार्मर खराब होने से गड़बड़ाया पेयजल सप्लाई का शेड्यूल सामान्य नहीं हो पा रहा। तेज गर्मी के मौसम में शहर में सुबह की जगह शाम और रात को पेयजल लोगों के घरों तक पहुंच रहा। पेयजल प्रदाय व्यवस्था गुरुवार से वापस सामान्य रूप से सुबह के समय करने का दावा पीएचई ने किया है।
पिछले तीन दिनों से पेयजल प्रदाय व्यवस्था गड़बड़ा गई है। सुबह की जगह शाम को जलप्रदाय करना पड़ रहा। दरअसल, गंभीर डेम के इंटेकवेल के ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण यह स्थिति बनी है। पीएचई के ईई एनके भास्कर ने दावा किया है कि गुरुवार से उज्जैन उत्तर क्षेत्र में सुबह तय समय पर ही जलप्रदाय कर दिया जाएगा।
इंटेकवेल पर लगे ट्रांसफार्मर ठीक कर दोनों पंप चालू कर दिए गए हैं। इससे पानी की टंकियों को पूरी क्षमता के साथ भरा जा सकेगा। आज शाम दक्षिण क्षेत्र में फ्रीगंज में जलप्रदाय किया जाएगा। इसी के साथ उत्तर क्षेत्र के वार्ड 3, 4, 5 और 6 में रात 8.30 से 9.30 बजे के बीच जलप्रदाय किया जा सकेगा। वार्ड 4 के अंतर्गत वर्धमान नगर, बाफना कॉलोनी, तिरुपतिनगर, प्रेमनगर और खंडेलवाल नगर में जहां डायरेक्ट सप्लाई किया जाता है, वहां देर रात तक भी जलप्रदाय किया जा सकेगा।
आचार संहिता का ब्रेक हटते ही होगा गंभीर डेम का दौरा
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता का ब्रेक हटते ही महापौर और जलकार्य समिति पीएचई अधिकारियों के साथ गंभीर डेम का दौरा करेगी। गंभीर में अब केवल 321 एमसीएफटी पानी ही बचा है। इसमें भी 100 एमसीएफटी डेड स्टोरेज का है। इस स्थिति के चलते नाहरखेड़ी से चैनल कटिंग का काम पीएचई द्वारा शुरू कर दिया गया है। इससे गंभीर डेम में पानी लाया जा सकेगा।
दो ट्रांसफॉर्मर फिर क्यों बिगड़ा जलप्रदाय?
पीएचई में अब इस बात की खोजबीन भी की जा रही है कि इंटेकवेल पर दो ट्रांसफार्मर स्टेंडबाय है। यानी एक खराब हो जाए तो स्टेपनी की तरह तुरंत दूसरा लगा दिया जाए। इससे पेयजल प्रदाय व्यवस्था कभी बाधित नहीं होती। इस बार भी दोनों ट्रांसफार्मर खराब हो गए। पिछले साल भी ऐसी स्थिति बनी थी तब इंदौर में ही ट्रांसफार्मर मिल गया था। इस बार दूसरा ट्रांसफार्मर ढूंढने में वक्त लगा, जिससे व्यवस्था गड़बड़ा गई।









