ई रिक्शा संचालक शिफ्ट सिस्टम का उड़ा रहे मजाक

यातायात पुलिस अनजान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लाल पट्टी पर पीली लगाकर चला रहे हैं वाहन
उज्जैन। शहर के यातायात में बाधा बन रहे हजारों ई रिक्शा की समस्या और उक्त वाहनों के नियमानुसार संचालन के लिए आरटीओ द्वारा शहर में संचालित होने वाले कुल ई -रिक्शा को दो भागों में बांटकर शिफ्ट सिस्टम से संचालन का नियम बनाया था। आपसी सहमति के बाद लाल व पीले पट्टे लगाकर ई-रिक्शा का संचालन शहर में शुरू हो गया लेकिन कुछ ई-रिक्शा संचालक इस नियम का उल्लंघन रंगों की पट्टी बदलकर कर रहे हैं जिससे यातायात पुलिस भी अनजान है।
View this post on InstagramAdvertisement
ऐसे हुआ था शिफ्ट का निर्धारण
आरटीओ द्वारा शहर में संचालित 6000 ई-रिक्शा में से आधे ई रिक्शा को सुबह 3 से दोपहर 3 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर तीन से रात 3 बजे तक संचालन का नियम बनाया था। नियमानुसार अलग-अलग शिफ्ट में चलने वाले ई-रिक्शा के फ्रंट कांच पर लाल व पीली पट्टी लगाने का नियम भी था ताकि जिस शिफ्ट में ई रिक्शा का संचालन होना है उसी रंग के ई रिक्शा चलें। यातायात पुलिस द्वारा नियमों का पालन कराने के लिये ई रिक्शा संचालकों की समय समय पर चेकिंग भी की गई और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की कार्यवाही भी की गई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
ई रिक्शा संचालकों द्वारा शिफ्ट सिस्टम का उल्लंघन करते हुए लाल पट्टी पर पीली पट्टी और अपनी सुविधा अनुसार पीली पट्टी पर लाल पट्टी लगाकर वाहन चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वाहन संचालकों की इस कारगुजारी से यातायात पुलिस और आरटीओ भी अनजान हैं क्योंकि पुलिस द्वारा दूर से ही वाहनों की पहचान की जा रही है जबकि नियमानुसार ई-रिक्शा संचालकों को आरटीओ द्वारा जारी किये गये प्रमाण पत्र भी साथ लेकर चलना होता है लेकिन ड्रायवरों के प्रमाण पत्र पुलिस द्वारा चेक ही नहीं किए जा रहे हैं।
इनका कहना
ई रिक्शा संचालकों द्वारा इस तरह पट्टी बदलने की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। यातायात पुलिस वीआईपी ड्यूटी और महाकाल सवारी में व्यस्त है। सवारी के बाद पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों की जांच शुरू की जाएगी। दिलीप सिंह परिहार, डीएसपी यातायात
ऐसे हो रहा नियमों का उल्लंघन
नियम लागू होने के पहले माह जुलाई में सुबह 3 से दोपहर 3 बजे की शिफ्ट में लाल पट्टे लगे ई-रिक्शा का संचालन होना था। इस शिफ्ट में पीली पट्टी लगे ई रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित था। पीली पट्टी लगे ई रिक्शा का संचालन दोपहर 3 बजे के बाद शुरू किया गया था। यह नियम दूसरे माह बदल गया। अगस्त माह में पीली पट्टी लगे ई रिक्शा का संचालन सुबह 3 से दोपहर 3 बजे तक शुरू हुआ और लाल पट्टी वाले ई रिक्शा का संचालन दोपहर 3 बजे बाद शुरू किया गया।
वर्तमान में सावन माह के चलते शहर में देश भर से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों से 3 गुना अधिक हो चुकी है। अधिक सवारी मिलने के लालच में कुछ ई-रिक्शा संचालकों ने सुबह 3 बजे की शिफ्ट में नियमानुसार पीली पट्टी के ई रिक्शा संचालन के नियम का उल्लंघन करते हुए लाल पट्टी वाले ई रिक्शा संचालकों ने लाल पट्टी के ऊपर पीली पट्टी लगाकर अपने वाहनों का संचालन शुरू कर दिया है।









