एलिवेटेड ब्रिज: 800 मकान-होटल दायरे में

चामुंडा माता चौराहे पर बनेगी रोटरी, नए फ्रीगंज ओवरब्रिज से जोडऩे की योजना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आगर रोड से सीधे फ्रीगंज क्षेत्र आ जा सकेंगे लोग
अक्षरविश्व न्यूजउज्जैन। आगर रोड पर प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिज करीब 800 मकानों, दुकानों और होटलों की बलि लेगा। प्रस्ताव अभी लोक निर्माण विभाग में स्वीकृति की प्रक्रिया में है। योजना के तहत चामुंडामाता चौराहे पर रोटरी बनाई जाएगी और इसे नए फ्रीगंज फोरलेन ओवरब्रिज से जोड़ा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार आगर रोड पर इंदिरानगर चौराहा से देवासगेट बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन होते हुए हरिफाटक ओवरब्रिज तक एलिवेटेड ब्रिज बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए सर्वे आदि के काम कर योजना को मंजूरी के लिए लोक निर्माण विभाग के पास भेजा गया है।
सर्वे के अनुसार रोड के बीच पिलर बनाए जाएंगे, लेकिन चामुंडामाता से इंदौर गेट तक करीब 800 स्ट्रक्चर तोडऩे की जरूरत पड़ सकती है। कई मकान ऐसे हैं जो चौड़ीकरण के बाद नए सिरे से बनाए गए मकान आदि भी शामिल हैं।
एलिवेटेड ब्रिज को नए ओवरब्रिज से जोडऩे की मंजूरी मिली तो लोग आगर रोड से सीधे फ्रीगंज क्षेत्र आ जा सकेंगे। एलिवेटेड ब्रिज बनने से शहर में नॉन स्टॉप गाडिय़ां दौड़ सकेंगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार एलिवेटेड ब्रिज की दो तीन योजनाएं मुख्यालय में मुख्य अभियंता के पास भेजी जा चुकी हैं। मंजूरी के बाद काम आगे बढ़ सकेगा।









