भोपाल से उज्जैन आने वाले भगवान महाकाल के भक्तों का फायदा…
ट्रेन के टाइम को भी एडजस्ट किया जा सकता है
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन इंदौर से भोपाल के लिए महीने भर पहले वंदे भारत ट्रेन की घोषणा हुई थी, उसी दिन से इस ट्रेन को भोपाल से आगे ले जाने की बातें होने लगी थी। रेलवे सूत्रों का कहना है कि भोपाल से जबलपुर के लिए चलने वाली वंदे भारत को आने वाले समय में इंदौर से भोपाल होते हुए जबलपुर तक चलाया जा सकता है, जबकि इंदौर से भोपाल चलने वाली वंदे भारत को ग्वालियर या नागपुर या खजुराहो तक बढ़ाया जा सकता है।
इंदौर से भोपाल के बीच वंदे भारत ट्रेन की सौगात यात्रियों को मिल ही गई। कई खूबियों और सुरक्षा के पैमानों पर खरी उतरती वंदे भारत ट्रेन के सफर के विस्तार को लेकर चर्चा भी होने लगी है। ट्रेन के विस्तार को लेकर जानकारों का कहना है कि ट्रेन को आगे बढ़ाना की पूरी संभावना है। रेलवे सूत्रों का यह भी दावा है कि इस ट्रेन को जल्द ही भोपाल के आगे ग्वालियर, नागपुर या खजुराहो तक बढ़ाया भी जा सकता है। वंदे भारत ट्रेन के संचालन में विस्तार होने का फायदा उज्जैन में महाकाल दर्शन करने आने वाले बाहर के भक्तों को होगा। देश तथा प्रदेश के अन्य जिलों के लोग उज्जैन आ सकेंगे।
भस्मआरती के बाद रवानगी की सुविधा
ट्रेन उन यात्रियों को लिए ज्यादा फायदेमंद है जो भोपाल से महाकाल के दर्शन करने जाएंगे। ऐसे श्रद्धालु यात्री भोपाल से 7.25 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से चल कर और रात 9.30 बजे उज्जैन पहुंच सकेंगे। यह श्रद्धालु सुबह भस्म आरती में शामिल होने के बाद इंदौर से सुबह 6.30 बजे चलने वाली वंदे भारत में उज्जैन से सुबह 7.15 बजे बैठ कर भोपाल लौट सकेंगे।
बदलना चाहिए टाइमिंग
टाइमिंग को लेकर भी यात्रियों का कहना है कि इसका समय इंदौर-भोपाल इंटरसिटी से अलग रखना था। हालांकि जानकार दावा कर रहे हैं कि जल्द ही इंटरसिटी का टाइम बदल जाएगा। संभव है कि दोनों ट्रेनों के बीच में एक घंटे का अंतर रखा जाए। वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने टाइमिंग भी चुनौती है। हालांकि इंटरसिटी में एक घंटा ज्यादा लगता है, लेकिन वह भोपाल स्टेशन पर उतारती है।
ऐसे में यात्रियों को भोपाल शहर के किसी भी कोने में जाने के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट भी आसानी से मिल जाता है। इतना ही नहीं सरकारी और निजी दफ्तरों से टाइम एडजस्ट करने में भी दिक्कत नहीं आती। सूत्रों का कहना है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस को और अधिक यात्री मिल सकें, इसलिए उसके टाइम को एडजस्ट किया जा सकता है। इसके लिए रेलवे बोर्ड टाइम टेबल को लेकर स्टडी भी कर रहा है।
उसी दिन लौटने की सुविधा
वंदे भारत ट्रेन भोपाल से वापसी में रात को 7.25 बजे इंदौर के लिए चलेगी। इससे फायदा उन यात्रियों को होगा जो अपना काम रात 7 बजे के पहले पूरा कर इंदौर या उज्जैन आना चाहते हैं। वहीं जो लोग 5 बजे भोपाल से चलने वाली इंटरसिटी में नहीं बैठ पाएंगे वे इस ट्रेन से लौट सकेंगे।