मेला प्राधिकरण भी उज्जैन में स्थानांतरित करने पर विचार!

By AV NEWS

उज्जैन से ही निर्धारित होंगे धार्मिक आयोजन

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय भोपाल से उज्जैन शिफ्ट करना तय होने के बाद अब मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण भी उज्जैन में स्थानांतरित करने पर विचार चल रहा है। मेला प्राधिकरण स्थापित होने के बाद प्रदेशभर के धार्मिक आयोजन और कार्ययोजना उज्जैन से ही निर्धारित की जाएगी।

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय उज्जैन लाने की कवायदों के बीच मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण भी उज्जैन में स्थानांतरित करने पर विचार चल रहा है। इसको लेकर भी प्रस्ताव बनाया गया है। अगर सहमति बनती है तो धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के मुख्यालय के साथ मप्र तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण को भी उज्जैन में स्थानांतरित किया जा सकेगा।

संचालनालय शिफ्टिंग के निर्देश

सीएम डॉ. मोहन यादव ने धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय उज्जैन में स्थानांतरित करने के निर्देश मुख्य सचिव को थे। सीएम के निर्देश के बाद संचालनालय की शिफ्टिंग के जल्द ही आदेश जारी किए जाएंगे। मुख्यालय की शिफ्टिंग के पीछे लोकहित एवं प्रशासकीय कार्य सुविधा के साथ सिंहस्थ की तैयारियों को कारण बताया है। यह संचालनालय प्रदेश में बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराने एवं विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेलों का आयोजन कराता है। 12 वर्ष में उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन होता है। इस बार वर्ष 2028 में सिंहस्थ का आयोजन होना है। आयोजन में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व संचालनालय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में इसका मुख्यालय उज्जैन में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का संचालनालय सतपुड़ा भवन भोपाल में संचालित हो रहा है।

उज्जैन से ही निर्धारित होंगे धार्मिक आयोजन

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय उज्जैन में स्थानांतरित करने के साथ ही मुख्यालय के संचालक सहित पूरा स्टाफ उज्जैन में ही बैठेगा और यहीं से प्रदेश के धार्मिक आयोजन निर्धारित किए जाएंगे। इसके अलावा सिंहस्थ की तैयारियों की रूपरेखा यहीं से तय होगी। हालांकि विभाग के प्रमुख सचिव व अन्य स्टाफ भोपाल
में ही बैठेगा।

Share This Article