उधार रुपये वापस मांगने पर की थी किसान की फावड़े से हत्या

मामला : खेत पर लहसुन की रखवाली करने वाले किसान की हत्या का
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:19 मार्च को भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बालोदालक्खा स्थित खेत में खून से सनी किसान की लाश पुलिस ने बरामद कर अज्ञात बदमाश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने मामले में गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिसने उधार रुपये वापस मांगने पर किसान की हत्या करना कबूल किया है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि किशनसिंह राजपूत निवासी ग्राम बालेदा लक्खा की 19 मार्च को अज्ञात बदमाश ने हत्या कर दी थी। उसकी लाश खेत से बरामद कर आरोपी की तलाश शुरू की गई जिसमें पुलिस ने घटना दिनांक पर खेत के आसपास लोगों की उपस्थिति की जानकारी निकाली। संदिग्धों से थाने में पूछताछ भी की गई जिसमें पुलिस को पता चला कि पड़ोसी किसान गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी मां के नाम की जमीन का अनुबंध किशनसिंह से साढ़े चार लाख रुपये उधार लेकर किया है और वह घटना की रात मृतक के खेत के आसपास ही रात के समय मौजूद था।
बयान बदले, पुलिस को गुमराह किया फिर जुर्म कबूला
पुलिस ने बताया कि गोविंद सिंह से घटना के संबंध में लगातार पूछताछ की गई लेकिन वह बार बार अपने बयान बदल रहा था। अपराध छिपाने के लिये दूसरे लोगों को फंसा रहा था जबकि प्रासंगिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की तो गोविंद सिंह ने कबूला कि किशन सिंह द्वारा उसके परिवार की आर्थिक मदद की थी किंतु किशन सिंह ने हमारी 9 बीघा जमीन हमसे कम भाव में खरीद ली थी तथा जनवरी माह में मेरी ढाई बीघा जमीन का अनुबंध कराकर मुझे अधिक ब्याज पर साढ़े चार लाख रुपये उधार दिये थे और वही रुपये वापस लेने के लिये किशन सिंह दबाव बनाना रहा था। इसी कारण घटना दिनांक को खेत पर सोये किशनसिंह की लोहे के फावड़े से हत्या कर दी।









