Advertisement

यूरिया नहीं मिलने पर भड़का किसानों का गुस्सा, आगर रोड पर लगाया जाम

अव्यवस्था… 300 की जगह कर्मचारी बांट रहे महज 70 टोकन, किसान हो रहे परेशान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

जिम्मेदारों ने कहा- पर्याप्त है यूरिया, वितरण अव्यवस्था के कारण बने यह हालात

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। यूरिया के लिए परेशान किसानों ने मंगलवार सुबह आगर रोड पर मंडी गेट के सामने चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि वे यूरिया के लिए कई दिनों से परेशान हो रहे हैं लेकिन चंद लोगों को ही यूरिया दिया जा रहा है। चिमनगंज मंडी स्थित जिला विपणन विभाग के कार्यालय से प्रतिदिन किसानों को खाद वितरित की जाती हैं। यहां सुबह किसानों को टोकन दिया जाता है उसके आधार पर किसानों को जमीन के मान से यूरिया दी जाती है। लेकिन तीन दिन से किसानों को कम यूरिया दिया जा रहा है।

Advertisement

यूरिया-खाद की स्थिति

जिले में सहकारी एवं निजी केंद्रों पर 25,860 मी. टन खाद उपलब्ध है। इसमें 5,959 मी. टन यूरिया है। 22 नवंबर को जिले को विक्रम नगर रैक पाइंट से एचएयुआरएल कंपनी का 2,350 मी. टन यूरिया (सहकारिता मात्रा 1,659 मी. टन, निजी मात्रा 662 मी. टन) प्राप्त हुआ है।

Advertisement

वितरण- 01 अक्टूबर से 22 नवंबर 2025 तक 37,181 मी. टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है।

किसानों का आरोप: जरूरत के मुताबिक नहीं दे रहे खाद

किसानों का कहना है कि वितरण केंद्र से खाद का वितरण मनमाना हो रहा है। नईखेड़ी के विक्रमसिंह ने बताया कि उन्हें बीस बोरी यूरिया चाहिए, चार दिन से परेशान हो रहे हैं टोकन ही नहीं मिल रहा। वहीं मतांगना चिकली के किसान दशरथ सिंह राठौर का कहना है उन्हें 6 बोरी यूरिया चाहिए, तीन दिन से रोज सुबह 5 बजे आकर कतार में लग रहे हैं। नंबर ही नहीं आ रहा। इसी तरह ताजपुर के समद खान और पलवा के सुनील मालवीय ने बताया कि उनको भी तीन दिन से टोकन नहीं मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि कर्मचारी मात्र 70 टोकन ही बांट रहे हैं। शंका है कि वो बाकी खाद ब्लैक कर रहे होंगे। अगर किसानों को रोज नियमानुसार 300 टोकन मिले तो समस्या ही नहीं रहे।

300 की जगह 70 टोकन ही दे रहे थे

किसानों ने बताया कि मंडी स्थित वितरण कार्यालय से रोज 300 टोकन दिए जाते हैं। इसके लिए सुबह-सुबह किसान मंडी कार्यालय पर कतार लगा लेते हैं। कार्यालय खुलते ही उन्हेें टोकन दे दिया जाता है। लेकिन पिछले तीन दिनों से सिर्फ 70-75 टोकन ही दिए जा रहे थे। इस कारण कई किसानों को चार-पांच घंटे कतार में रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा था। मंगलवार को इन्हीं कारणों से किसान भड़क गए और आगर रोड पर चक्काजाम कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने मामला निपटाया
चक्काजाम की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्या प्रभारी जिला विपणन अधिकारी यूएस तोमर (कृषि उपसंचालक) तक पहुंचाई। यूरिया मिलने का आश्वासन मिलने पर करीब दो घंटे बाद किसानों का चक्काजाम समाप्त हुआ।

पर्याप्त है यूरिया: जिले में यूरिया पर्याप्त मात्रा में है। कुछ वितरण व्यवस्था में गड़बड़ हुई होगी, उसे सुधारा जाएगा।
यूएस तोमर, उपसंचालक कृषि

Related Articles

Write a review