गंभीर डेम के इंटेक पर फाल्ट, दक्षिण में जलसंकट!

नहीं कट रहे अवैध नल, आधे से ज्यादा उज्जैन शहर पी रहा चोरी का पानी
पीएचई के आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन के लाले कार्रवाई में ऐसी सुस्ती…नगर निगम ने आगर रोड पर नल कनेक्शन काटने की प्रेस रिलीज ही जारी नहीं की
उज्जैन:गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही पेयजल संकट का अलार्म बज गया है। ऐसे में बुधवार रात एक बार फिर गंभीर प्लांट के इंटेक पर इलेक्ट्रिक फाल्ट हो गया, जिससे शाम को दक्षिण क्षेत्र में जलसंकट की आशंका खड़ी हो गई है। फाल्ट के कारण रातभर पंप बंद रहे। दूसरी ओर गंभीर डेम का लेवल तेजी से कम हो रहा है। इसकी बड़ी वजह अवैध नल कनेक्शन होना है। करीब आधा शहर अवैध कनेक्शन के माध्यम से चोरी का पानी पी रहा और पीएचई लाचार है।
गंभीर इंटेक का ट्रांसफार्मर बुधवार रात करीब 3 बजे फाल्ट हो गया। इस कारण टंकी भरने वाले पंप भी ठप पड़ गए। इससे शाम को दक्षिण क्षेत्र में होने वाली पेयजल सप्लाई गड़बड़ा सकती है। पीएचई के अफसर और पूरा अमला इसे दुरुस्त करने की मशक्कत कर रहा है, लेकिन गुरुवार सुबह 11 बजे तक मरम्मत कार्य चल रहा था। पानी की टंकियां भरने पर ही पूरे प्रेशर से फ्रीगंज क्षेत्र में पीने का पानी सप्लाई किया जा सकेगा।
गंभीर डेम प्रभारी राजीव शुक्ला फाल्ट को ठीक कराने का काम टीम से करा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम से ही कम दबाव से पानी सप्लाई हो रहा था। गंभीर में पानी का लेवल 800 एमसीएफटी बताया जा रहा है। बारिश में यह पूरी क्षमता से भर गया था, लेकिन तेजी से यह खाली भी हो रहा है। रोज करीब 8 एमसीएफटी पानी की खपत हो रही।
अवैध नल कनेक्शन से बढ़ रही पानी की खपत
गंभीर में पानी तेजी से कम होने का बड़ा कारण यह है कि शहर में अवैध नल कनेक्शन पीएचई काट नहीं पा रहा। पिछले साल जूना सोमवारिया क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शन पकड़ाए थे, तब मुहिम चलाई गई लेकिन बाद में ठप हो गई। चौंकाने वाली बात यह कि पीएचई ने हाल ही आगर रोड पर आधा दर्जन अवैध नल कनेक्शन काटे, लेकिन इसकी प्रेस रिलीज ही जारी नहीं की। कार्रवाई भी बीच में रोक दी गई। जिन लोगों के अवैध कनेक्शन।
पकड़े उन पर कार्रवाई तक नहीं की जा सकी। इस कारण अवैध नल कनेक्शन पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा। शहर में अवैध नल कनेक्शन से पीएचई को हर माह लाखों, करोड़ों रुपए की चपत लग रही। जानकारों का कहना है कि पीएचई सभी अवैध नल कनेक्शन वेध कर दे तो निगम का खजाना भर सकता है। 22 मार्च को निगम के अमले ने आगर रोड पर आरडी गाड़ी मेडिकल कॉलेज के पास अवैध नल कनेक्शन पकड़े थे।
बड़ी बात यह थी कि मैन राइजिंग लाइन से कनेक्शन ले लिए गए थे, जबकि नियमानुसार मैन राइजिंग लाइन से घरेलू या व्यावसायिक कनेक्शन लिए ही नहीं जा सकते। हाल ही पदस्थ उपयंत्री अभिषेक रोकड़े की टीम ने ये कनेक्शन काटे तो निगम ने इसकी प्रेस रिलीज ही जारी नहीं की जबकि निगम हर कार्रवाई की प्रेस रिलीज तत्काल जारी करता है। ऐसा पहली बार हुआ, इस कारण इसको लेकर कर्मचारियों में ही रहस्य बना हुआ है।









