शादी का झांसा, लिव-इन में शोषण और गर्भपात बैंककर्मी शिवम पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज

अहमदाबाद ले जाकर फिर छोड़ा… फर्जी शादी के दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। प्यार, शादी का झूठा वादा और लिव-इन की आड़ में युवती की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले एक निजी बैंककर्मी की घिनौनी करतूत सामने आई है। शादी का झांसा देकर लंबे समय तक देह शोषण करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और बाद में अहमदाबाद ले जाकर बेसहारा छोड़ भागने के मामले में विजयनगर पुलिस ने आरोपी बैंक कर्मचारी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
झांसी (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी शिवम प्रजापति की पहचान पीडि़ता से करीब चार साल पहले स्कीम नंबर 54 स्थित एक निजी बैंक में हुई थी, जहां युवती नौकरी के सिलसिले में गई थी। शिवम ने पसंद करने का इजहार कर शादी का भरोसा दिलाया और वर्ष 2023 से दोनों स्कीम-54 में ही किराए का कमरा लेकर लिव-इन में रहने लगे। पीडि़ता का आरोप है कि मार्च 2026 में जब वह एक माह की गर्भवती हुई, तो शिवम उसे निजी अस्पताल ले गया और खुद को पति बताकर जबरन गर्भपात करवा दिया। इसके बाद उसने शादी से साफ इंकार कर दिया।
समझौते का नाटक कर ले गया… फिर हो गया फरार
शादी से मुकरने पर पीडि़ता विजयनगर थाने पहुंची थी, लेकिन शिवम ने वहां समझौता कर साथ निभाने का वादा किया। इसके बाद वह युवती को शादी का भरोसा देकर अहमदाबाद ले गया। करीब चार महीने साथ रखने के बाद आरोपी एक दिन अचानक उसे वहां लावारिस छोड़कर भाग निकला। अहमदाबाद के बोडकदेव थाने में गुहार लगाने के बाद पीडि़ता इंदौर लौटी और अपने परिजन को पूरी आपबीती सुनाई। पीडि़ता ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए थे। विजयनगर पुलिस अब दर्ज केस के आधार पर फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।








